हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरवाला-अग्रोहा रोड पर बालक चोपटा के पास ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और ऑल्टो कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अग्रोहा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही ऑल्टो कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि ऑल्टो कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी भिवानी जिले के सिवानी क्षेत्र के गांव बड़वा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में कार सवार एक महिला और एक पुरुष ने गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, कार में मौजूद तीन अन्य लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा पहुंचाया। वहीं, दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
फिलहाल बरवाला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों, टक्कर के कारण और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

