हिसार : श्रीलंका घूमने गए हिसार के जिला अटार्नी सुनील परुथी के 25 वर्षीय बेटे समृद्ध परुथी की सोमवार को समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे परिवार को मिली। उस समय सुनील परुथी कोर्ट में मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार समृद्ध 9 सितंबर को अपने दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने गया था। उसकी 16 सितंबर को वापस हिसार लौटने की योजना थी। सोमवार को समुद्र में राफ्टिंग के दौरान यह हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि समृद्ध के साथ मौजूद दो अन्य दोस्त भी समुद्र में डूब गए थे। दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद समृद्ध को भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य देर रात फ्लाइट से श्रीलंका के कोलंबो पहुंच गए। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप बाजिया ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि समृद्ध दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने गया था।

परिवार के सदस्यों के श्रीलंका पहुंचने के बाद शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। घटना के बाद हिसार में शोक का माहौल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m