हिसार। हरियाणा के हिसार शहर की आदर्श कॉलोनी में एक 28 वर्षीय युवक ने घरेलू कलह की वेदी पर अपनी जान कुर्बान कर दी है। पेशे से पेंटर अंकित की शादी महज तीन साल पहले उत्तर प्रदेश की सुधा से हुई थी लेकिन यह रिश्ता खुशियों के बजाय अंकित के लिए मौत का फंदा बन गया।
रविवार रात करीब साढ़े बारह बजे अंकित ने कमरे में सुसाइड कर लिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि मरने से पहले अंकित ने अपने मोबाइल में एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उसने अपनी पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसी वीडियो ने अब इस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की दिशा तय कर दी है।
दिनभर हुआ विवाद और फिर आधी रात को अनहोनी
दरअसल अंकित और सुधा के बीच विवाद इस कदर बढ़ चुका था कि पिता रामबख्श ने दोनों को घर के ऊपरी हिस्से में अलग रहने के लिए कह दिया था। मौत वाले दिन सुबह से ही पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हो रही थी। विवाद इतना बढ़ा कि जब अंकित काम करने दुकान पर गया तो सुधा वहां भी पहुंच गई और सार्वजनिक रूप से झगड़ा किया। इसी अपमान और मानसिक तनाव से तंग आकर अंकित ने आखिरी रास्ता चुना। पिता को मिले मोबाइल वीडियो में अंकित ने अपनी व्यथा सुनाते हुए साफ कहा है कि वह अपनी पत्नी की हरकतों से बेहद परेशान हो चुका है और अब उसके पास जीने का कोई और चारा नहीं बचा है।
ससुर की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही 12 क्वार्टर पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अंकित के मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया है जिसमें कैद वीडियो सबसे बड़ा सुबूत माना जा रहा है। चौकी इंचार्ज राकेश कुमार के मुताबिक मृतक के पिता रामबख्श की शिकायत पर उनकी पुत्रवधू सुधा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या सुधा द्वारा दी जा रही प्रताड़ना ही अंकित की मौत का इकलौता कारण थी। फिलहाल शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है जहां पोस्टमॉर्टम के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

