Hisar Toll Manager Murder Case : सोनीपत। हरियाणा एसटीएफ की सोनीपत टीम ने नेशनल हाईवे-44 पर भिगान टोल के पास कार्रवाई करते हुए हिसार के टोल मैनेजर हत्याकांड में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखकर एक आरोपी फ्लाईओवर से करीब 12 फीट नीचे कूद गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। एसटीएफ ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, दूसरे आरोपी को वाहन समेत गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

रात 11:30 बजे संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश

एसटीएफ सोनीपत प्रभारी इंस्पेक्टर अजय धनखड़ के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि हिसार के टोल मैनेजर हत्याकांड में वांछित बदमाश जीटी रोड पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर टीम ने रात करीब 11:30 बजे नेशनल हाईवे-44 पर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया गया। वाहन में सवार दोनों युवकों ने पुलिस से बचकर निकलने की कोशिश की।

फ्लाईओवर से कूदा मनोज, पैर में लगी चोट

पुलिस के मुताबिक, वाहन में सवार मनोज उर्फ फिल्मी, निवासी बहबलपुर, हिसार, पुलिस को देखकर वाहन से उतर गया और भिगान टोल फ्लाईओवर से नीचे कूद गया। करीब 12 फीट नीचे गिरने से उसके पैर में चोट आई। एसटीएफ ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और उपचार के लिए सोनीपत के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उपचार पूरा होने के बाद उसकी गिरफ्तारी की औपचारिक कार्रवाई की जाएगी।

दूसरा आरोपी वाहन समेत गिरफ्तार

एसटीएफ ने दूसरे आरोपी सचिन पुत्र नरेंद्र, निवासी कबीरपुर, सोनीपत को वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी हिसार के बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर टोल मैनेजर संजय शुक्ला की स्कॉर्पियो से कुचलकर की गई हत्या के मामले में वांछित थे।

पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद

इंस्पेक्टर अजय धनखड़ ने बताया कि आरोपियों की तलाशी लेने पर एक पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी हाईवे पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। एसटीएफ ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।

आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की जांच

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसटीएफ अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड, संपर्कों और संभावित वारदात की योजना को लेकर पूछताछ कर रही है।

यह कार्रवाई एसटीएफ चीफ एवं आईजी बी. सतीश बालन के मार्गदर्शन में की गई। टीम में इंस्पेक्टर अजय धनखड़, सब इंस्पेक्टर विकास, एएसआई राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल बुद्ध सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m