कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के कर्मचारियों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने ऐलान किया कि युवाओं के अधिकारों को लेकर 19 अगस्त 2026 को पंचकूला स्थित HKRN कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को स्थायी रोजगार देने के बजाय ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा दे रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने सवाल उठाया कि जब युवाओं से लिया जा रहा काम स्थायी प्रकृति का है, तो उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा क्यों नहीं दिया जा रहा? उन्होंने कहा कि HKRN के कर्मचारियों को हर साल कॉन्ट्रैक्ट रिन्यूअल (अनुबंध नवीनीकरण) की चिंता रहती है, जबकि उन्हें नौकरी की स्थायी सुरक्षा मिलनी चाहिए।
‘स्थायी काम-स्थायी रोजगार’ की मांग
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि ठेकेदारी प्रथा पूरी तरह खत्म कर ‘स्थायी काम-स्थायी रोजगार’ का सिद्धांत लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने HKRN कर्मचारियों के लिए नियमित कर्मचारियों के समान वेतन और सुविधाओं की मांग की।
उन्होंने ‘समान काम-समान वेतन’ लागू करने के साथ HRA और TA/DA जैसी सुविधाएं देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा एक समान और पारदर्शी लीव पॉलिसी लागू करने की बात कही, जिसमें Earned Leave, Carry Forward Leave और Leave Encashment की सुविधा शामिल हो।
ग्रेच्युटी और 50 लाख के हेल्थ इंश्योरेंस की मांग
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को हर साल अनुबंध बढ़ने या खत्म होने की अनिश्चितता से बाहर निकालकर स्थायी नियुक्ति पत्र दिए जाने चाहिए। उन्होंने ग्रेच्युटी और 50 लाख रुपये के हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा देने की भी मांग की।
इसके साथ ही कांग्रेस ने HKRN के फंड और उसके इस्तेमाल का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने के लिए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
राव नरेंद्र सिंह ने युवाओं से 19 अगस्त को पंचकूला पहुंचकर HKRN कार्यालय के घेराव में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के रोजगार और उनके सुरक्षित भविष्य से जुड़े इस संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


