होडल। हथीन इलाके में शुक्रवार तड़के पुलिस और गोतस्करी के आरोपियों के बीच उस समय मुठभेड़ हो गई, जब पुलिस टीम ने तीन संदिग्धों को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो साथी खेतों की ओर भाग निकले।
मुठभेड़ की यह कार्रवाई होडल थाना क्षेत्र में एवीटी हथीन की टीम ने की। पुलिस के अनुसार, टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे सूचना मिली कि आसिफ, गुलाब और काला पुन्हाना रोड पर बिना नंबर की बाइक के साथ मौजूद हैं। तीनों पर गोतस्करी और अवैध हथियार रखने का आरोप है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि टीम ने आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और आरोपियों को काबू करने के लिए पैरों की ओर निशाना साधा।
फायरिंग के दौरान बुलंदशहर के अरनिया निवासी आसिफ के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया, जबकि टप्पल निवासी गुलाब और बुलंदशहर निवासी काला अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ भागने में सफल रहे। दोनों की तलाश में पुलिस टीमों ने आसपास के क्षेत्र में अभियान चलाया।
पुलिस ने मौके से एक कट्टा, एक खाली कारतूस का खोल, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद करने की बात कही है। घायल आसिफ को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया।
डीएसपी नरेंद्र खटाना ने बताया कि एवीटी हथीन प्रभारी तेजपाल की टीम को आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आसिफ के खिलाफ उत्तर प्रदेश में लूट और आर्म्स एक्ट समेत अलग-अलग धाराओं में करीब आठ मामले दर्ज हैं। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।
- Bihar Top News 05 oct 2026: अनंत सिंह को मनाने में जुटे ललन सिंह, कांग्रेस की पांच सीटों पर राजद से सीधी टक्कर
- पोलावरम परियोजना के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला-बोल, 7 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
- Haryana Top News : सिंगापुर से लौटते ही CM सैनी एक्शन में, 9 अक्टूबर को कानून-व्यवस्था की बड़ी समीक्षा, हरियाणा में धान खरीद को लेकर किसानों का बड़ा प्रदर्शन, हाईवे जाम, कॉलेजों के लिए बड़ा फैसला, अब डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ेंगे संस्थान, समेत पढ़े दिनभर की बड़ी खबरें
- स्वीकृति भीमपुरी की, निर्माण तीन किमी दूर राम्हेपुर में! अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के स्थल परिवर्तन पर उठे सवाल
- Today’s Top News: CG Coal Scam में 9500 पन्नों का पूरक चालान पेश; हुए कई बड़े खुलासे, पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक, शोएब ढेबर पर इनाम घोषित, प्रेमी को मिलने बुलाकर प्रेमिका ने पति के साथ की हत्या, सब्जियों की फसल के बीच गांजे की खेती… पढ़ें दिनभर की प्रमुख खबरें

