केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर राजधानी की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा चुनौतियों की समीक्षा की। चार साल से अधिक समय बाद हुए इस दौरे में पुलिस की कार्यप्रणाली और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा हुई।

CJP के विरोध प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कार्रवाई और भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जुलाई में CJP के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान कथित बल प्रयोग को लेकर दिल्ली पुलिस की आलोचना हुई थी।

ड्रग्स तस्करी और अपराध नियंत्रण पर जोर

बैठक में ड्रग्स तस्करी पर लगाम लगाने, विदेशों से आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले गैंगस्टरों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई जैसे मुद्दों की समीक्षा की गई। इसके अलावा, अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियानों और पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

चार साल बाद पुलिस मुख्यालय पहुंचे अमित शाह

अमित शाह इससे पहले 30 अगस्त 2022 को दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे। उनके ताजा दौरे को राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों की समीक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m