नारनौंद। हरियाणा के नारनौंद उपमंडल स्थित पेटवाड़ गांव में रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला वाकया सामने आया है जहां मधुमक्खियों के हमले ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। दरअसल 50 वर्षीय किसान वेदपाल जब अपनी मोटरसाइकिल से खेत पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद पहाड़ी मधुमक्खियों का झुंड अचानक भड़क गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले पीड़ित ने तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले कि वेदपाल खुद को संभाल पाते सैकड़ों मधुमक्खियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। मौके पर मौजूद उनके भाई ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन मधुमक्खियों का हमला इतना आक्रामक था कि वेदपाल ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
पहाड़ी मधुमक्खियों के हमले से गांव में दहशत
गौरतलब है कि मृतक वेदपाल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारनौंद ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार वेदपाल के पूरे शरीर पर मधुमक्खियों के डंक के अनगिनत निशान पाए गए हैं जिससे जहर तेजी से फैलने के कारण उनकी हालत बिगड़ी।
नारनौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही नारनौंद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर इसे एक इत्तेफाकिया हादसा मानते हुए कार्रवाई की है। शव का पोस्टमार्टम हांसी के नागरिक अस्पताल में करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे पेटवाड़ गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

