अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिस पिता की उंगली पकड़कर बेटा चलना सीखता है, जिस पिता की छांव में उसका बचपन गुजरता है।उसी पिता पर जब अपने ही बेटे का खून करने का आरोप लगे, तो यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात बन जाती है। शहडोल के ब्यौहारी से सामने आई ऐसी ही सनसनीखेज घटना में पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, आरोप है कि पिता ने कुल्हाड़ी से बेटे की गर्दन पर वार कर उसकी जान ले ली और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया.
घटना ब्यौहारी थाना क्षेत्र के कोठिया गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान सिह राज सिंह गोंड, पिता नंदराज सिंह गोंड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक ड्राइवरी का काम करता था और घटना के समय शराब के नशे में घर पहुंचा था…
जानकारी के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर सिह राज सिंह गोंड का अपने पिता नंदराज सिंह गोंड से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान बेटा जमीन पर गिर गया,आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर पिता ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और बेटे की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सिह राज सिंह गोंड की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आरोपी पिता मौके से फरार हो गया.
बताया जा रहा है कि पिता, मां और बेटे का परिवार एक ही घर में रहता था,जिस घर में परिवार साथ रहता था, वहीं देखते ही देखते पिता-पुत्र का रिश्ता खूनी संघर्ष में बदल गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी पिता की तलाश में जुटी है। हत्या की वास्तविक वजह क्या थी और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.
एक तरफ जहां अक्सर माता-पिता की हत्या के मामलों की खबरें सामने आती हैं, वहीं ब्यौहारी की यह घटना इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि यहां पिता पर अपने ही बेटे की हत्या का आरोप है। शराब के नशे में शुरू हुआ पारिवारिक विवाद आखिर खूनी वारदात में कैसे बदल गया, पुलिस इसी कड़ी को जोड़ने में जुटी है।
वही इस मामले में ब्यौहारी एसडीओपी ऋषभ झारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कोठिया थाना क्षेत्र के बेहरदी गांव में पिता-पुत्र के बीच विवाद के दौरान मारपीट हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक सिंहराज सिंह गोंड शराब के नशे में था और दोनों के बीच कॉलर पकड़कर विवाद हुआ। इसी दौरान पिता नंद कुमार गोंड ने तंगिया से हमला कर दिया, जिससे सिंहराज की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी जंगल की ओर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

