हर्षराज गुप्ता, मगरखेड़ी (खरगोन) मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम मगरखेड़ी के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक पर सवार युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

ट्रक के नीचे फंसा रहा युवती का शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार भूमि शर्मा और आशीष परमार हाईवे से गुजर रहे थे, तभी मगरखेड़ी के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि भूमि शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव ट्रक के नीचे ही बुरी तरह फंस गया। वहीं, हादसे में घायल आशीष परमार को तुरंत उपचार के लिए पास के अस्पताल भिजवाया गया।

क्रेन की मदद से निकाला गया शव

घटना की सूचना मिलते ही बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई थी। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए क्रेन को मौके पर बुलवाया और ट्रक को ऊपर उठाकर काफी मशक्कत के बाद युवती के शव को बाहर निकलवाया।

पुलिस के मानवीय प्रयास की ग्रामीणों ने की सराहना

हादसे के बाद बने तनावपूर्ण माहौल और हाईवे पर बाधित हुए यातायात को बलकवाड़ा थाना पुलिस ने बेहद संवेदनशीलता और तत्परता से संभाला। राहत और बचाव कार्य में पुलिस अधिकारियों द्वारा दिखाए गए मानवीय प्रयास और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय ग्रामीणों ने खुलकर सराहना की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m