चंडीगढ़। राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर अलवर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरियाणा रोडवेज की बस और एक ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में बस चालक सहित कई यात्री घायल हो गए, जबकि बस और ट्रक के चालक केबिन में फंस गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे भावसिद्ध मंदिर के पास हुआ। हरियाणा रोडवेज की बस अलवर से गुरुग्राम जा रही थी। बस में करीब 21 यात्री सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और पुलिस के पहुंचने से पहले ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी अजीत सिंह बड़सरा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बस चालक अनिल कुमार और ट्रक चालक को केबिन से बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे की सूचना मिलने पर रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। उनकी मौजूदगी में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटाया गया। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m