अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल के बाणसागर क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयावह मोड़ लिया कि एक व्यक्ति ने आत्मदाह कर अपनी जान गंवा दी, पीछे छोड़ गया उजड़ा हुआ परिवार और तीन मासूम बच्चों की जिंदगी का गहरा अंधेरा। फिलहाल पुलिस जांच जारी है, लेकिन इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या एक विवाद की कीमत इतनी बड़ी हो सकती है। एक फैसला, जिसने तीन बच्चों को अनाथ और पूरे परिवार को जीवनभर का दर्द दे दिया।
शहडोल जिले के अंतिम छोर पर स्थित देवलौंद थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 में एक मामूली घरेलू विवाद ने देखते ही देखते मातम का रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े और उसके बाद दर्ज हुई पुलिसिया शिकायत से आहत होकर एक युवक ने आत्मदाह कर लिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने न केवल एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया भी छीन लिया।
जिले के अंतिम छोर देवलौंद थाना क्षेत्र के बाणसागर वार्ड नं 9 के रहने वाले रवि कचेर का अपनी पत्नी ज्योति कचेर से 2 अप्रैल को किसी बात पर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने थाने जाकर पति के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करा दिया,पुलिस कार्रवाई से क्षुब्ध और आहत होकर रवि ने अगले ही दिन पेट्रोल पंप से पेट्रोल लाया और पड़ोस में रहने वाली एक महिला के घर के पास खुद पर पेट्रोल उड़ेल कर आग लगा ली। 50 प्रतिशत से अधिक जल चुकी अवस्था में उसे तत्काल रीवा अस्पताल ले जाया गया, जहां दो दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ते हुए रवि ने दम तोड़ दिया। रवि की मौत की खबर फैलते ही बाणसागर क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने मृतक की पत्नी और पड़ोस में रहने वाली एक कथित समाजसेविका पर गंभीर आरोप लगाते हुए रीवा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, घंटों चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों की समझाइश और निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर जाम खोला गया।
इस पूरी घटना का सबसे काला और दुखद पहलू यह है कि रवि अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है, जो अब अनाथ हो चुके हैं। जिस समय यह आत्मघाती कदम उठाया गया, रवि के माता-पिता भी घर पर नहीं थे। एक तरफ बूढ़े माता-पिता का सहारा छिन गया, वहीं दूसरी तरफ पत्नी भी अब दर-दर भटकने को मजबूर है।
पुलिस फिलहाल रीवा से मर्ग डायरी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर किस पेट्रोल पंप ने खुले में बोतल या डिब्बे में पेट्रोल दिया। यदि नियमों का पालन होता, तो शायद रवि के पास आत्मघाती कदम उठाने का साधन उपलब्ध नहीं होता। पुलिस अब हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
वहीं इस मामले में एसडीओपी ब्यौहारी मुकेश अविद्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पति पत्नी के बीच विवाद के बाद मामला थाने तक पहुंचा था। महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया था, जिसके बाद पति ने पड़ोस में रहने वाले एक घर के सामने आग लगाकर सुसाइड का प्रयास किया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद नाराज परिजन वा लोग मृतक की पत्नी और पड़ोसन के खिलाफ कार्यवाही की मांग कर विरोध जता रहे थे। समझाइश के बाद वे मान गए , मर्ग डायरी और पीएम रिपोर्ट रीवा से आनी है , रिपोर्ट उपलब्ध होने के बाद सभी पहलुओं पर जांच के दौरान उचित कार्यवाही की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

