कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर के सिरोल थाना क्षेत्र में एक युवक को अपने बड़े भाई के प्रेम प्रसंग की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। नारायण विहार के रहने वाले 21 वर्षीय दिनेश इंदौरिया की लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के उद्देश्य से मुराद नदी में फेंक दिया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

भाई की दोस्ती, पत्नी से प्यार और फिर खूनी रंजिश

यह पूरी घटना दो दोस्तों के बीच उपजे विवाद और प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंजाम है। पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक दिनेश के बड़े भाई विकास इंदौरिया की दोस्ती मेहरा कॉलोनी के रहने वाले सूरज जाटव से थी। इसी दौरान विकास और सूरज की पत्नी के बीच प्रेम संबंध बन गए। विवाद तब और गहरा गया जब कुछ समय पहले विकास और सूरज की पत्नी घर छोड़कर भाग गए। इस घटना के बाद से ही सूरज जाटव और उसका परिवार विकास के परिवार से गंभीर रंजिश रखने लगा था और दोनों पक्षों में भारी तनाव चल रहा था।

घात लगाकर किया हमला, नदी से मिला शव

बदले की आग में जल रहे सूरज जाटव, उसके भाई गौरव जाटव और उनके साथियों ने विकास को न पाकर उसके छोटे भाई दिनेश को अपना निशाना बनाया। आरोपियों ने दिनेश को घेरकर लाठी-डंडों से उस पर तब तक ताबड़तोड़ वार किए, जब तक उसकी जान नहीं चली गई। हत्या के बाद आरोपी लाश को मुराद नदी में फेंककर फरार हो गए।

नामजद FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश में पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और गोताखोरों की मदद से दिनेश का शव मुराद नदी से बरामद किया। परिजनों की लिखित शिकायत और आरोपों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज जाटव, उसके भाई गौरव जाटव और अन्य साथियों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। सिरोल थाना पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m