पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार वोल्वो बस की ट्रेलर-ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें बस चालक की मौत हो गई और करीब 15 यात्री घायल हो गए। घायलों में 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें चंडीगढ़ के अस्पतालों में रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जा रही बस दिल्ली–अमृतसर नेशनल हाईवे पर सरहिंद के पास पटरसी कलां गांव के नजदीक आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसा रात करीब 12 बजे के बाद हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। बस में लगभग 42 यात्री सवार थे, जो दर्शन के लिए यात्रा कर रहे थे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया गया।
मृतक चालक की पहचान फिरोजपुर निवासी इंदरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार माना जा रहा है।
- Haryana Morning News: मकान सौदे में 5.35 करोड़ की कथित धोखाधड़ी से लेकर विधानसभा में हंगामे तक, पढ़ें सुबह की बड़ी खबरें
- MP फर्जी नर्सिंग कॉलेज मामला: हाईकोर्ट ने नर्सिंग काउंसिल रजिस्ट्रार को रिकॉर्ड सहित किया तलब, 13 अगस्त को अगली सुनवाई
- नाबालिग से चोरी कराने के आरोप में कांग्रेस पार्षद के पुत्र के साथ तीन गिरफ्तार…
- Rajasthan Weather: आज दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट, 3 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी
- साईं बाबा ट्रस्ट के खिलाफ ऑनलाइन कंटेंट पर HC का आदेश, GAC को 7 दिन की डेडलाइन

