० टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन हुआ चकनाचूर, दोनों शवों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया
कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मेघातरी स्थित शेरे हिंद (गिरी होटल) के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार गिट्टी लदा ट्रक जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक और परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई।
कोडरमा थाना क्षेत्र के घाटी स्थित मेघातरी में रविवार को हुए इस भीषण सड़क हादसे में गिट्टी से लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे पहले से खड़े ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गिट्टी लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ट्रक चालक साधु यादव और परिचालक छोटू कुमार, दोनों निवासी नवादा (बिहार), की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
केबिन में फंसे दोनों शवों को बाहर निकालने में हुई मशक्कत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला।पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


