महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे 152डी (NH-152D) पर बुचावास कट के पास सैलानियों से भरी एक तेज रफ्तार वॉल्वो बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया। इस दर्दनाक हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर (परिचालक) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 17 टूरिस्ट गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 40 लोग सवार थे।
खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी तेज रफ्तार बस
चश्मदीदों के मुताबिक, हाईवे पर एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही वॉल्वो बस अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि सुबह के वक्त बस ड्राइवर को अचानक झपकी आ गई होगी, जिसके कारण वह गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और यह बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद बस की खिड़कियां तोड़कर भीतर फंसे सैलानियों को बाहर निकाला।
जयपुर के रहने वाले थे मृतक ड्राइवर और कंडक्टर
इस हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतक राजस्थान के जयपुर के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान जयपुर के विजयनगर निवासी ड्राइवर सोमवीर (30 वर्ष) और परिचालक दिलखुश (31 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
घायलों में ज्यादातर जयपुर के सैलानी, अस्पताल में इलाज जारी
यह बस हिमाचल प्रदेश के मनाली से घूमकर वापस जयपुर लौट रही थी, इसलिए बस में सवार अधिकांश पर्यटक जयपुर के ही रहने वाले हैं। हादसे में घायल सभी 17 लोगों को तुरंत महेंद्रगढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, कई पर्यटकों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में रखकर इलाज दिया जा रहा है।
घायलों की सूची
हादसे में घायल होने वाले प्रमुख लोगों में जयपुर के नलिन जैन (40), प्रतीक (28), सुरेंद्र (49), सुभाष चंद्र (38), आशीष (44), यशस्वी (29), वसीम अख्तर (46), अभिमन्यु (38), आशुतोष (27), अविनाश (24), गौरव (25), प्रियंका (28) और प्राची (25) शामिल हैं। इनके अलावा चंडीगढ़ के सोहन (30), दौसा (राजस्थान) के रोहित (30) और पावटा की खुशी (18) का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

