पंजाब के होशियारपुर-दसूहा रोड स्थित गांव चक समाना में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां चार साल का मासूम बच्चा खेलते समय खुले बोरवेल में गिर गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही NDRF, SDRF, पंजाब पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 9 घंटे तक चले अभियान के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बच्चे की पहचान गुरकरन के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम हरिंदर और मां का नाम आशा बताया गया है। जानकारी के अनुसार बच्चा शाम करीब 4 बजे घर के पास खेल रहा था, तभी वह एक दिन पहले खोदे गए खुले बोरवेल में फिसलकर गिर गया। बच्चा करीब 30 फीट गहराई में फंसा हुआ था।

बचाव टीमों ने बच्चे तक पहुंचने के लिए बोरवेल के समानांतर 25 से 30 फीट गहरा गड्ढा खोदा और फिर सुरंग बनाकर उसे बाहर निकाला। प्रशासन ने बोरवेल में ऑक्सीजन पाइप और कैमरा भी डाला था, जिससे बच्चे की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
करीब रात 12:40 बजे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और SSP संदीप कुमार मलिक ने पूरे अभियान की निगरानी की। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी जरूरी मशीनरी और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई थीं।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पंजाब के जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और होशियारपुर के सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल भी मौके पर मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने रेस्क्यू टीमों और स्थानीय ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की।
SSP संदीप कुमार मलिक ने कहा कि सभी टीमों ने पूरी मेहनत और बहादुरी के साथ काम किया, जिसकी बदौलत बच्चे की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।
- रायपुर सेंट्रल जेल में नवरात्र की धूम : 760 बंदियों ने रखा है नौ दिन का उपवास, ढोलक-मंजीरे की धुन पर गूंज रहे जसगीत
- Bihar Today Weather: बिहार से मानसून की विदाई, ठंड के लिए करना होगा इंतजार! जानें मौसम का हाल?
- छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, दक्षिणी इलाकों में बारिश के आसार, आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी
- UP Weather: यूपी के 16 जिलों में बारिश का अलर्ट, लखनऊ समेत कई जिलों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित
- MP Morning News: नवरात्रि का आज पांचवां दिन, मंत्रालय में सीएम डॉ मोहन यादव करेंगे मैराथन बैठकें, शिक्षक भर्ती 2025 के वर्ग 2 और 3 के अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का आज 56वां दिन
