Business Desk – रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाता है और सरकार की ओर से सब्सिडी का लाभ भी दिया जाता है. योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को लकड़ी और कोयले के धुएं से मुक्ति दिलाकर स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना है.

अगर आप भी उज्ज्वला योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि इसके लिए कौन पात्र है, किन दस्तावेजों की जरूरत होगी और आवेदन की पूरी प्रक्रिया क्या है.

कौन ले सकता है योजना का लाभ?

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आवेदन करने वाली महिला की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए. परिवार के नाम पर पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन नहीं होना चाहिए. योजना का लाभ पात्र श्रेणियों के परिवारों को दिया जाता है, जिनकी पहचान सरकार द्वारा तय मानकों के अनुसार की जाती है.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

उज्ज्वला योजना के लिए आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होते हैं. इनमें शामिल हैं-

केवाईसी (KYC) आवेदन पत्र
आधार कार्ड
निवास प्रमाण पत्र (जरूरत पड़ने पर)
राशन कार्ड या परिवार का प्रमाण पत्र
परिवार के वयस्क सदस्यों के आधार कार्ड
बैंक खाते की जानकारी या पासबुक
आवश्यक घोषणा पत्र (Deprivation Declaration)
प्रवासी आवेदकों के लिए स्व-घोषणा पत्र (जहां लागू हो)
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
उज्ज्वला योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन करना आसान है.

PM Ujjwala Yojana Portal

सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. होम पेज पर “Apply for New Ujjwala Connection” विकल्प चुनें. इसके बाद अपनी पसंद की गैस कंपनी जैसे इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस का चयन करें.

आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें. सभी विवरण जांचने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें. आवेदन की जांच और सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने पर एलपीजी कनेक्शन जारी किया जाएगा.

ऑफलाइन आवेदन का विकल्प भी

जो लोग ऑनलाइन आवेदन नहीं करना चाहते, वे अपने नजदीकी एलपीजी वितरक के पास जाकर भी आवेदन कर सकते हैं. वहां से उज्ज्वला योजना का आवेदन फॉर्म प्राप्त कर उसे भरना होगा और आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा. सत्यापन के बाद पात्रता के अनुसार कनेक्शन जारी किया जाएगा.

किस गैस कंपनी का कर सकते हैं चयन?

आवेदन के दौरान लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार तीनों सरकारी तेल विपणन कंपनियों में से किसी एक का चयन कर सकते हैं-

इंडेन
भारत गैस
एचपी गैस

कितने लोगों को मिला योजना का लाभ?

सरकारी पोर्टल के अनुसार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देशभर में 10.55 करोड़ से अधिक एलपीजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं. योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान

आवेदन करते समय यह सुनिश्चित करें कि आपके परिवार के नाम पर पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन न हो. आधार, बैंक खाता और अन्य दस्तावेजों की जानकारी सही होनी चाहिए. आवेदन के दौरान गलत जानकारी देने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है.