एस आर रघुवंशी, गुना। Lady Sarpanch Misbehave With School Teacher: मध्य प्रदेश के गुना में आजादी के जश्न पर सरपंच दंपति ने जमकर हंगामा मचाया। स्कूल में उनकी मौजूदगी के बिना ध्वजारोहण कार्यक्रम होने पर उन्होंने शिक्षकों से अभद्रता की। इतना ही नहीं, आरोप है कि उन्होंने शिक्षकों को जान से मारने की धमकी भी दी।

जानकारी के अनुसार, शासकीय एकीकृत विद्यालय चाकलोडा में झंडा वंदन के बाद शिक्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम कर रहे थे। तभी सरपंच गगनदीप कौर अपने पति के साथ अचानक स्कूल पहुंची और संस्था प्रभारी जगदीश प्रसाद बैरागी से अभद्रता की।

आरोप है कि सरपंच पति ने शिक्षकों को मारने की धमकी भी दी और कहा ‘मेरे बिना कार्यक्रम कैसे हुआ?’ सरपंच दंपति ने कार्यक्रम में व्यवधान डालकर सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। शिक्षकों ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है।

थाना प्रभारी ने विवाद की पुष्टि कर जांच और कार्रवाई की बात कही है। सरपंच पर पहले भी अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं। जिसकी जांच जिला पंचायत सीईओ के आदेश पर चल रही है। पुराने पंचायत कार्यालय की जमीन और लेनदेन को लेकर भी सरपंच का एक वीडियो पहले वायरल हुआ था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m