पंचकूला। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की PGT कंप्यूटर साइंस भर्ती, विज्ञापन संख्या 23/2026 के चयनित अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, हरियाणा ने दस्तावेज सत्यापन का शेड्यूल और जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

सभी चयनित अभ्यर्थियों को 11 और 12 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे उत्कर्ष सोसाइटी, सेक्टर-2, पंचकूला के कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा। अभ्यर्थियों के क्रमांक और कुल 6 कमेटियों के आधार पर सत्यापन का शेड्यूल तय किया गया है। मेवात कैडर के 9 अभ्यर्थियों को शनिवार, 12 सितंबर को बुलाया गया है।

इन दस्तावेजों की मूल कॉपी जरूरी

अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के दौरान सभी जरूरी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। इनमें 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन और संबंधित कंप्यूटर साइंस योग्यता के प्रमाणपत्र शामिल हैं।

पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए M.Sc., MCA या B.Tech कंप्यूटर साइंस से जुड़े दस्तावेज, B.Ed. प्रमाणपत्र और HTET/STET पास प्रमाणपत्र भी मूल रूप में प्रस्तुत करना होगा।

आरक्षण और डोमिसाइल प्रमाणपत्र भी लाएं

SC, BC, EWS, ESM और PWD श्रेणी के तहत आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को नवीनतम और वैध श्रेणी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ हरियाणा का निवास प्रमाणपत्र यानी Domicile भी मूल रूप में लाना अनिवार्य है।अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेजों की एक सेट स्व-सत्यापित यानी Self-Attested फोटोकॉपी भी जमा करानी होगी।

हाथ से भरकर लाना होगा प्रोफॉर्मा

शिक्षा विभाग के आधिकारिक नोटिस के साथ जारी प्रोफॉर्मा को अभ्यर्थियों को अपने हाथ से भरकर लाना होगा। प्रोफॉर्मा के क्रमांक 13 को खाली छोड़ना है। इसे जांच कमेटी द्वारा भरा जाएगा।

समय से 30 मिनट पहले पहुंचें

शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले उत्कर्ष सोसाइटी, सेक्टर-2, पंचकूला पहुंचने की सलाह दी है। इसका उद्देश्य दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा से बचना है।

अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित दिन और समय के अनुसार ही सत्यापन के लिए रिपोर्ट करना होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m