हरियाणा के 22 जिलों में बनाए गए केंद्र, एडमिट कार्ड और फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य

भिवानी। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा HTET-2025 के अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से 4 और 5 जुलाई 2026 को आयोजित HTET-2025 का परीक्षा परिणाम जल्द घोषित किया जाएगा। परिणाम जारी होने से पहले अभ्यर्थियों के लिए बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन अनिवार्य किया गया है।

इसके लिए प्रदेश के सभी 22 जिलों में 10 से 12 अगस्त 2026 तक बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन केंद्र स्थापित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में संबंधित केंद्र पर पहुंचकर अपना वेरीफिकेशन कराना होगा।

साथ लेकर जाएं ये दस्तावेज

बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन के लिए अभ्यर्थियों को अपना मूल एडमिट कार्ड और फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लेकर जाना होगा। बिना आवश्यक दस्तावेजों के वेरीफिकेशन में परेशानी हो सकती है।

दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए भी सुविधा

अन्य राज्यों से HTET-2025 में शामिल हुए अभ्यर्थी अपने निकटतम जिला मुख्यालय पर बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन करा सकते हैं। विशेष परिस्थितियों में वे प्रदेश के 22 जिलों में बनाए गए किसी भी वेरीफिकेशन केंद्र का विकल्प चुन सकते हैं।

बोर्ड की ओर से सभी केंद्रों की सूची आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन अवश्य करा लें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m