भिवानी। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 के रिजल्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का विरोध लगातार जारी है। परीक्षा की उत्तर कुंजी में सवालों को लेकर दर्ज कराई गई आपत्तियों का समाधान नहीं होने से नाराज छात्र बुधवार को एक बार फिर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड पहुंचे और प्रदर्शन किया। छात्रों ने अलग-अलग स्लोगन लिखकर बोर्ड प्रशासन के प्रति अपना रोष जताया और रिजल्ट को संशोधित करने की मांग उठाई।
छात्रों का आरोप है कि परीक्षा के बाद जारी की गई उत्तर कुंजी में कई सवालों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं, लेकिन लंबे समय बाद भी मामले का अंतिम समाधान नहीं हो पाया है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बोर्ड प्रशासन से स्पष्ट जवाब देने और संशोधित परिणाम जारी करने की मांग की।
करीब तीन लाख अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 4 और 5 जुलाई को HTET-2025 परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में प्रदेशभर से करीब तीन लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की बात कही गई है। परीक्षा के बाद बोर्ड की ओर से उत्तर कुंजी जारी की गई, जिसके बाद अभ्यर्थियों ने प्रश्नों और उनके उत्तरों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराईं।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि तीनों लेवल की परीक्षाओं में करीब 20 से 30 सवालों को लेकर आपत्तियां सामने आई थीं। छात्रों का आरोप है कि कई बार समाधान की तारीख मिलने के बावजूद अब तक उन्हें स्पष्ट निर्णय नहीं मिला है।
‘तारीख पर तारीख’ को लेकर छात्रों में नाराजगी
मामले को लेकर छात्र पहले भी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में धरना और प्रदर्शन कर चुके हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हर बार उन्हें समाधान के लिए नई तारीख बता दी जाती है, लेकिन उनकी शिकायतों का अंतिम निपटारा नहीं हो रहा।
बुधवार को प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अलग-अलग स्लोगन के जरिए बोर्ड प्रशासन पर सवाल उठाए। कुछ छात्रों ने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि परीक्षा में पूछे गए सवालों के सही उत्तर को लेकर ही स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है और इसका खामियाजा अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ रहा है।
21 सितंबर के बाद अब 28 सितंबर की तारीख
प्रदर्शन में शामिल नारनौंद कस्बे की छात्रा कृष्णा और महेंद्रगढ़ से पहुंचे छात्र संदीप आर्य ने कहा कि उन्हें पहले समाधान के लिए 21 सितंबर तक का आश्वासन दिया गया था। छात्रों के मुताबिक, बोर्ड चेयरमैन की गैरमौजूदगी में कमेटी की ओर से अब 28 सितंबर की तारीख बताई गई है।
छात्रों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांग को लेकर बोर्ड के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि 28 सितंबर तक भी उनकी शिकायतों का समाधान नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने पर विचार करेंगे।
रिजल्ट संशोधन की मांग पर अड़े छात्र
प्रदर्शनकारी छात्रों की मुख्य मांग परीक्षा की उत्तर कुंजी में दर्ज आपत्तियों का निष्पक्ष निपटारा करने और उसके आधार पर HTET-2025 के परिणाम को संशोधित करने की है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी आपत्तियों पर स्पष्ट निर्णय नहीं होता, तब तक रिजल्ट को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रहेगी।
छात्रों ने बोर्ड प्रशासन से मामले में जल्द फैसला लेने और उन्हें स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
- ‘आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ’, SIR विवाद पर विपक्ष के CJI से मिलने की मांग पर JDU का तंज
- पुलिस की बड़ी लापरवाही, पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में आराम फरमाता मिला दुष्कर्म का आरोपी…
- मां ब्रह्मचारिणी का तप, मातृशक्ति का सामर्थ्य… योगी ने बताया कैसे सशक्त हो रहीं यूपी की महिलाएं
- मोतिहारी में प्रेम विवाह करने वाले पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका हुआ मिला दोनों का शव
- Delhi Congress Protest: CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट मार्च; दिल्ली रवाना होने से पहले MP के कई नेता हिरासत में

