संतपुरा गुरुद्वारा के पास वारदात से मचा हड़कंप, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी फरार

कृष्ण कुमार सैनी, यमुनानगर। जिले के संतपुरा गुरुद्वारा के पास बुधवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक पर आए एक हमलावर ने प्रॉपर्टी डीलर शिव कुमार पर ईंट से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर किए गए ताबड़तोड़ वार के कारण शिव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान गांव भगवानगढ़ निवासी प्रॉपर्टी डीलर शिव कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी), डीएसपी और अपराध शाखा की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी बाइक पर सवार होकर आया और उसने शिव कुमार के सिर पर ईंट से जोरदार हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल शिव कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावर की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से संतपुरा और आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m