वीरेंद्र कुमार, नालंदा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बिहार शरीफ का टाउन हॉल पूरी तरह शिवमय हो उठा, जब ब्रह्माकुमारी द्वारा भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अद्भुत आयोजन में श्रद्धालुओं को एक ही मंडप के नीचे भारत के द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा बिहार शरीफ विधानसभा के भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण भारत के प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृति रही। श्रद्धालुओं ने
काशी विश्वनाथ मंदिर
केदारनाथ मंदिर
रामेश्वरम मंदिर
भीमाशंकर मंदिर
महाकालेश्वर मंदिर
मल्लिकार्जुन मंदिर
घृष्णेश्वर मंदिर
सोमनाथ मंदिर
नागेश्वर मंदिर
सहित सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर खुद को धन्य महसूस किया। एक ही स्थान पर इन पवित्र शिवलिंगों के दर्शन से श्रद्धालुओं में अद्भुत उत्साह और भक्ति भाव देखने को मिला।

अपने संबोधन में विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि, बिहार शरीफ सहित पूरे नालंदा जिले में कई प्राचीन मंदिर उपेक्षित अवस्था में हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में नाले के पानी में डूबे एक शिवलिंग का जीर्णोद्धार कराया गया है।

उन्होंने घोषणा की कि मंदिरों के संरक्षण और विकास के लिए ‘सनातन धर्म विकास ट्रस्ट’ का गठन किया गया है। साथ ही शहरवासियों से अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम एक रुपया सहयोग दे, ताकि मंदिर निर्माण और संरक्षण में सबकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। महाशिवरात्रि के इस महोत्सव ने न सिर्फ श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई, बल्कि समाज को एकजुट होकर सांस्कृतिक विरासत बचाने का संदेश भी दिया।

ये भी पढ़ें- Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि पर खाजपुरा शिव मंदिर पहुंचे CM नीतीश, राज्य की सुख, शांति और समृद्धि के लिए की कामना