Business Desk – शेयर बाजार के निवेशकों के लिए अगस्त 2026 का महीना बेहद खास रहा। IPO में पैसा लगाने वालों के बीच कंपनियों के शेयरों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अगस्त में कुल 23 IPO लॉन्च हुए, जिनमें से 10 IPO को 100 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला। यह आंकड़ा 2006 के बाद किसी एक महीने में सबसे बड़ा है।

यानी इन कंपनियों के IPO में ऑफर किए गए शेयरों की तुलना में निवेशकों ने 100 गुना से भी ज्यादा शेयरों के लिए बोली लगाई। इससे अगस्त में IPO Market में निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी का पता चलता है।
हाई-टेक इंजीनियर्स सबसे आगे
अगस्त के Top IPOs में हाई-टेक इंजीनियर्स सबसे आगे रही। कंपनी के IPO को 244.41 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। यानी ऑफर किए गए शेयरों के मुकाबले करीब 244 गुना ज्यादा बोलियां आईं। दूसरे नंबर पर टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स इंडिया रही। इसके IPO को 183.53 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं ESDS Software Solutions का IPO 135.88 गुना सब्सक्राइब हुआ और यह तीसरे नंबर पर रहा।
इन 7 IPO को भी मिला 100 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन
टॉप-3 के अलावा सात और कंपनियों के IPO ने भी 100 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन का आंकड़ा पार किया। इनमें आरडी इंडस्ट्रीज, ल्यूमिनो इंडस्ट्रीज, ऑगमोंट एंटरप्राइजेज, बिहारी लाल इंजीनियरिंग, सनशाइन पिक्चर्स, शिपरॉकेट और प्रायोरिटी ज्वेल्स शामिल हैं। इन कंपनियों के IPO में भी निवेशकों की ओर से जोरदार बोली लगाई गई और सभी ने 100 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन हासिल किया।
पुराने रिकॉर्ड से काफी आगे निकला अगस्त
अगस्त 2026 में बने इस रिकॉर्ड ने पिछले मासिक आंकड़ों को काफी पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले सितंबर 2024 में 7 IPO और जनवरी 2025 में 5 IPO को 100 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला था। 2026 में अब तक कुल 15 IPO ऐसे रहे हैं, जिन्हें 100 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला है। अगस्त से पहले जुलाई में 3, जून में 2 और जनवरी में भारत कोकिंग कोल के IPO ने यह आंकड़ा पार किया था।
2024 में भी दिखा था ऐसा उत्साह
अगर पुराने आंकड़ों पर नजर डालें तो 2024 में कुल 91 IPO में से 23 IPO को 100 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला था। 2021 में 63 में से 17 IPO ने यह आंकड़ा पार किया था। वहीं 2025 में कुल 103 IPO आए थे और इनमें से 15 को 100 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला। फंड जुटाने के लिहाज से 2025 रिकॉर्ड साल रहा था।
अगस्त 2026 के आंकड़े बताते हैं कि इस महीने IPO Market में निवेशकों की मांग और उत्साह काफी मजबूत रहा। एक ही महीने में 10 IPO का 100 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब होना भारतीय शेयर बाजार के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड है।



