संदीप शर्मा, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे के दौरान समाज की संवेदनहीनता देखने को मिली। दरअसल भोपाल-सागर बाईपास पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें कोल्ड ड्रिंक की बोतलें भरी हुई थी। इस दौरान सबसे हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद लोग घायल चालक की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरी बोतलों को लूटने में जुट गए।
बोतल लूटने की मची होड़
घटना गिरधर कॉलोनी के पास की है। बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रक पलटा, उसमें भरी कोल्ड ड्रिंक (माजा) की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी का माहौल बना और लोग अपनी गाड़ियों पर बोतलें लादकर भागते रहे।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने जमा भीड़ को खदेड़ा और लूटपाट को रोका। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही काफी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक की बोतले लूटी जा चुकी थी।

