कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मुरार जिला अस्पताल से इंसानियत को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां जच्चा खाना परिसर में बने मंदिर के पास महज तीन से चार दिन की एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। मासूम भूख से बिलख रही थी। रोने की आवाज सुनकर लोगों ने उसे देखा और अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी। अस्पताल ने बच्ची को तुरंत अपनी कस्टडी में लेकर इलाज शुरू कराया,जबकि पुलिस ने अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बच्ची को उठाकर अस्पताल की कस्टडी में लिया

दरअसल घटना मुरार थाना क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल के जच्चा खाना परिसर की है। यहां भर्ती मरीजों के परिजनों को अचानक किसी नवजात के लगातार रोने की आवाज सुनाई दी। जब लोग आवाज की दिशा में पहुंचे तो मंदिर के पास कपड़े में लिपटी एक नवजात बच्ची जमीन पर पड़ी मिली। बच्ची लगातार रो रही थी और उसकी हालत देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। बताया जा रहा है कि बच्ची की उम्र करीब तीन से चार दिन है और किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे यहां छोड़ दिया था। बच्ची के पास ही कपड़े दूध की बोतल भी एक बैग के अंदर छोड़ी गई थी। सूचना मिलते ही डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचा। बच्ची को सुरक्षित उठाकर तत्काल अस्पताल की कस्टडी में लिया गया।

न्यू बॉर्न केयर यूनिट यानी SNCU में भर्ती

प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट यानी SNCU में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। अस्पताल स्टाफ भी पूरी संवेदनशीलता के साथ मासूम की देखभाल कर रहा है,उधर सूचना मिलने पर मुरार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं,ताकि उस व्यक्ति की पहचान की जा सके जिसने नवजात को अस्पताल परिसर में छोड़ दिया। फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m