हिसार। हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिससे प्रदेशभर में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 जुलाई को अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 19 जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने के संकेत हैं, जिसके बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

भिवानी रहा सबसे गर्म, पारा पहुंचा 42 डिग्री

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार बारिश थमने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे अधिक दर्ज किया गया।

० भिवानी सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42°C दर्ज किया गया।
० हिसार और रोहतक में तापमान 39 से 40°C के बीच रहा।
० वहीं गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 25.5°C रिकॉर्ड किया गया।

अधिक आर्द्रता के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लोगों को भीषण उमस का सामना करना पड़ रहा है।

19 जुलाई से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार—

० 17 और 18 जुलाई: बारिश की संभावना नहीं, आंशिक बादल छाए रहेंगे।
० 19 जुलाई: कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
० 20 और 21 जुलाई: प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं।

जुलाई के अंत तक बारिश का अनुमान

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा और एनसीआर में जुलाई के तीसरे और चौथे सप्ताह के दौरान मानसून फिर सक्रिय रहेगा। 19 से 31 जुलाई के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।