रवि रायकवार, दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले मं उपचुनावों की सुगबुगाहट के बीच राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। यहां कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कांग्रेस का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली है।
ये भी पढ़ें : जीतू पटवारी का दावा: सरकार को निपटाने में लगे हैं शिवराज, कैलाश और प्रहलाद, बीजेपी के ही नेता अपनी सरकार को बता रहे माफिया
पूर्व विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस के प्रमुख युवा नेता राजबहादुर के नेतृत्व में 500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली है। भाजपा में शामिल होते ही युवा नेता राजबहादुर ने दतिया से पूर्व कांग्रेस विधायक राजेन्द्र भारती पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक ने अपनी ही पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया और उन पर झूठे केस दर्ज करवाए। इसी से नाराज होकर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा के प्रभाव से प्रभावित होकर लिया फैसला
दलबदल करने वाले कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कार्य करने के तरीके, क्षेत्र में उनके विकास कार्यों और मजबूत राजनीतिक प्रभाव से बेहद प्रभावित हैं। कार्यकर्ताओं के मुताबिक दतिया के विकास और अपने मान-सम्मान की रक्षा के लिए वे भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें : महिला अधिकारी से 11 लाख की ठगी: शेयर बाजार में निवेश का दिया लालच, लोकसेवा केंद्र के कर्मचारी ने लगाया चूना
बदलेगा दतिया का सियासी समीकरण
उपचुनाव की आहट के बीच इतनी बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं का कांग्रेस छोड़ना विपक्षी दल के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस दलबदल से आगामी चुनावों में भाजपा की स्थिति और मजबूत होगी। जबकि कांग्रेस को क्षेत्र में नए सिरे से अपनी जमीन तलाशनी होगी।

