उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां आज सोमवार की सुबह एक महिला की उसके ही पति ने हसुआ से गला काटकर उसकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति कमरे की खिड़की तोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों समेत पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पूरा मामला राजेपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवादा गांव की है।

साली की शादी में शामिल होने आया था आरोपी पति

मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान रिंकू देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी 7 साल पहले आरोपी पति मनोज कुमार के साथ हुई थी। मनोज कुमार दुबई में रहकर काम करता था। रिंकू देवी के दो बच्चे भी हैं, छोटा बच्चा डेढ़ वर्ष उम्र की है। मनोज कुमार रिंकू देवी की छोटी बहन की शादी में शामिल होने लेने के लिए दुबई से अपने ससुराल साहेबगंज प्रखंड के राजपुर थाना अंतर्गत नवादा गांव पहुंचा था। 26 जुलाई को मनोज कुमार के छोटी साली की शादी होनी थी।

घटना से पहले पति-पत्नी में हुई थी कहासुनी

परिवार में सबकुछ ठीक चल रहा था, लोग शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। कल रविवार की रात मनोज कुमार और रिंकू देवी खाना खाकर अपने बच्चों के साथ कमरे में सोने चले गए। इस बीच ऐसा क्या हुआ की मनोज ने अपनी ही पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी? रिंकू देवी की मां मीना देवी ने बताया कि सोमवार भोर में लगभग 3 बजे उसके रूम से काफी आवाज आने लगी तो मैं और मेरी छोटी बेटी ने जाकर दोनों को समझा-बूझाकर शांत करा दिया और छोटे बच्चों को अपने साथ लेकर हम लोग वापस सोने चले आए, उसके बाद मनोज और उसके पत्नी सो गए।

कमरा नहीं खोलने पर हुआ शक

उन्होंने बताया की उनके दामाद मनोज कुमार और बेटी रिंकू देवी के बीच गहने को लेकर कहासुनी हुई थी। दामाद मनोज कुमार ने पत्नी को बताया था कि अब वह दुबई नहीं जाएगा और मुजफ्फरपुर में रहकर ही काम करेगा। सुबह 5 बजे के करीब जब छोटा बच्चा रोने लगा तो वे उसे लेकर उस कमरे में गई। लेकिन कमरा बंद था आवाज देने पर भी रिंकू ने जब कमरा नहीं खोला तो किसी अनहोनी की आशंका को लेकर उन्होंने परिवार के अन्य लोगों को बुलाया और जब दरवाजा खोला गया तो अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए।

कमरे में बिखरा पड़ा था खून

कमरे में रिंकू देवी जमीन पर पड़ी हुई थी और काफी सारा खून निकला हुआ था। वहीं, कमरे की खिड़की भी टूटी हुई थी, जिससे पत्नी की हत्या करने के बाद उसका पति मनोज कुमार फरार हो गया था। रिंकू देवी के पास एक हसुआ भी पड़ा हुआ था, जिससे उसकी गला काटी गई थी। बेटी का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

छानबीन में जुटी पुलिस

रिंकू देवी के पिता ने राजेपुर थाना को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को अपने कब्जे में लेते हुए छानबीन में जुट गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और पिता के आवेदन पर शिकायत दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के लिए जुट गई है।

ये भी पढ़ें- नालंदा में अड्डा पुल के नीचे मजदूर का शव मिलने से फैली सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका