कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दहेज प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। जब पत्नी मायके चली गई तो उसने कथित तौर पर पत्नी के निजी और अश्लील फोटो वीडियो सोशल मीडिया और अपने परिचितों के बीच वायरल कर दिए। पीड़िता की शिकायत पर सिरोल थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पिता के सामने बेहरमी से की मारपीट
दरअसल मामला ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र स्थित मंगल कॉलोनी का है। झांसी जिले के समथर की रहने वाली 24 वर्षीय युवती की शादी 17 अप्रैल 2024 को मंगल कॉलोनी निवासी नवीन गुर्जर से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगा और कम सामान लाने के ताने देता था। पीड़िता के मुताबिक, 11 मार्च 2026 को पति ने उसके पिता के सामने ही उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां वह पांच दिन तक इलाज कराती रही। आरोप है कि इस दौरान पति और ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य हालचाल लेने नहीं पहुंचा।
आपत्तिजनक फोटो वीडियो किए वायरल
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़िता अपने मायके चली गई। बाद में जब वह 8 जुलाई को ग्वालियर स्थित ससुराल पहुंची तो पति ने उसे घर में घुसने तक नहीं दिया। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि पति ने उसके निजी और आपत्तिजनक फोटो वीडियो सोशल मीडिया और परिचितों के बीच साझा कर दिए हैं। इससे दुखी होकर पीड़िता ने सिरोल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और आईटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पति फरार है और सिरोल थाना पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

