“It never rains but it pours…” जब कठिनाइयां आती हैं तो अक्सर वह चहुं दिश आती हुई दिखाई देती हैं. जैसे आषाढ़ की वर्षा यकायक तीव्र होकर चारों ओर पानी ही पानी कर देती है. जीवन में अकसर परेशानियाँ लगातार ही दस्तक देती है ऐसी स्थिति में मनुष्य घबरा जाता है उसका धैर्य डगमगाने लगता है, उसे लगता है कि यह कठिन समय अब जीवन पर्यन्त बना रहेगा. Patience is a virtue. धैर्य एक महान गुण है और सच्चाई भी यही है कि बदहवासी का यही समय होता है जब हमें सबसे अधिक संयम, धैर्य और चैतन्यता की आवश्यकता होती है.

हमेशा मन में यह भाव होना चाहिए This too shall pass. यानी यह कठिन समय भी बीत जाएगा.
अपने इष्ट को भय या कठिन समय में स्मरण करने के लिए लगभग सभी धार्मिक ग्रंथों में भी कोई ना कोई उपाय अवश्य होते हैं.संकट कटै मिटै सब पीरा.जो सुमिरै हनुमत बलबीरा अपने विपरीत समय में हिंदू जन जिस तरह इस धार्मिक पंक्तियों का आश्रय लेते हैं. जो विश्वास और साहस के साथ अपने ईश्वर को याद कर के संकटों का सामना करने पर आधारित है.

स्मरण रहे कठिन परिस्थिति में घबराकर लिया गया निर्णय समस्या को और बढ़ाने वाला होता है. इसलिए विपरीत समय में परिस्थितियों को समझना और कम से कम नुकसान के साथ उस समय को गुजरने देना ही बुद्धिमानी होती है. अटल सत्य है हर काली रात के बाद उजली सुबह आती है और हर वर्षा के बाद आकाश साफ होता है. वैसे ही कठिन समय भी हमेशा के लिए नहीं रहता. इसके लिए अँग्रेज़ी की पंक्ति है After a storm comes a calm. अर्थात् तूफान के बाद शांति अवश्य आती है.

कठिनाई से लड़ने, जूझने से अधिक आवश्यक समय की नब्ज को टटोलना होता है कि कब रुकना है, कब संभलना है और कब पूरी शक्ति से आगे बढ़ना है. समय और काल की आहट को पहचानना जीवन की बड़ी कला है. जब परिस्थितियाँ अनुकूल हों तब अवसर को पहचानकर पूरे उत्साह और प्रयास के साथ आगे बढ़ना,कई गुना अधिक परिणाम देने वाला होता है. क्यों कि सफलता केवल कठिनाइयों से लड़कर नही मिलती बल्कि सही समय पर सही निर्णय लेने से मिलती है. 

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H