​नई दिल्ली। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में जब भी प्रीमियम हैचबैक गाड़ियों की बात होती है तो दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता कंपनी हुंडई की i20 का नाम सबसे पहले आता है। कंपनी ने भारतीय बाजार में एक और बड़ा इतिहास रच दिया है। साल 2008 में देश में कदम रखने वाली इस कार ने बिक्री का एक बड़ा आंकड़ा पार करते हुए कुल 15 लाख से अधिक यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है।

​बीते 18 वर्षों से यह कार अपने सेगमेंट में नया बेंचमार्क स्थापित कर रही है। बदलते दौर के साथ भले ही बाजार में कॉम्पैक्ट SUV का चलन बढ़ा हो, लेकिन शानदार लुक्स, प्रीमियम फीचर्स और भरोसेमंद परफॉर्मेंस की वजह से ग्राहकों के बीच i20 की मांग आज भी बरकरार है।

दो इंजन ऑप्शन में उपलब्ध: पावर और माइलेज का सही कॉम्बिनेशन। ​वर्तमान में उपलब्ध हुंडई i20 में ग्राहकों को दो अलग-अलग इंजन विकल्प मिलते हैं, जो रोजमर्रा के इस्तेमाल से लेकर स्पीड के शौकीनों की जरूरतों को पूरा करते हैं:

मानक (Standard) i20: इसमें 1.2-लीटर का 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 83 bhp की पावर जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए इसमें 5-स्पीड मैनुअल और iVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प उपलब्ध है।
​i20 N Line (परफॉर्मन्स एडिशन): जो लोग स्पोर्टी ड्राइविंग अनुभव पसंद करते हैं, उनके लिए i20 N Line का विकल्प है। इसमें 1.0-लीटर का टर्बो GDi पेट्रोल इंजन मिलता है, जिसे 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड डुअल-क्लच ट्रांसमिशन (DCT) के साथ जोड़ा गया है.

सेफ्टी में कोई समझौता नहीं

  • ​सुरक्षा के लिहाज से भी यह कार काफी मजबूत मानी जाती है। नई i20 में कई आधुनिक सुरक्षा मानक दिए गए हैं, जिनमें:
  • ​मानक सुरक्षा के रूप में 6 एयरबैग्स
  • ​ढलान पर गाड़ी को पीछे फिसलने से रोकने के लिए हिल स्टार्ट असिस्ट
  • ​इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC)
  • ​रियर पार्किंग कैमरा और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS)

​कितनी है कीमत?

​भारतीय बाजार में हुंडई i20 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹6.00 लाख से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए ₹10.48 लाख तक जाती है। वहीं, इसके ज्यादा पावरफुल वेरिएंट i20 N Line की एक्स-शोरूम कीमत ₹9.27 लाख से ₹11.74 लाख के बीच रखी गई है।

​जल्द दिखेगा न्यू-जनरेशन मॉडल का जलवा?

​अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुंडई ने i20 के न्यू-जनरेशन अवतार को पेश कर दिया है, जिसे नए K3 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। ग्लोबल मॉडल में 12.3-इंच का विशाल टचस्क्रीन सिस्टम, डिजिटल कंसोल, वायरलेस कनेक्टिविटी और एडवांस सेफ्टी पैकेज (Hyundai SmartSense ADAS) जैसी हाई-टेक सुविधाएं दी गई हैं।

​हालांकि, भारतीय बाजार में इस नए मॉडल को कब लॉन्च किया जाएगा, इसको लेकर कंपनी की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन 15 लाख की माइलस्टोन बिक्री यह साबित करती है कि भारत में इस कार का दबदबा आज भी बरकरार है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m