हेमंत शर्मा, इंदौर। बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने जमानत मिलने के बाद पहली बार मीडिया के सामने अपनी चुप्पी तोड़ी है। लंबे समय से चल रही अटकलों और अफवाहों के बीच सोनम ने दावा किया है कि उनके बारे में फैलाई जा रही कई बातें गलत हैं। उन्होंने अपनी लोकेशन को लेकर भी सफाई दी और कहा कि वह नेपाल में नहीं बल्कि शिलॉन्ग में ही हैं। राजा रघुवंशी हत्याकांड में जमानत मिलने के बाद सोनम रघुवंशी पहली बार मीडिया के सामने आईं।
लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सोनम ने कहा कि उनके बारे में फैलाई जा रही खबरें और दावे पूरी तरह झूठे हैं। सोनम ने साफ शब्दों में कहा कि वह नेपाल में नहीं हैं और वर्तमान में शिलॉन्ग में रह रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अदालत द्वारा दी गई जमानत की सभी शर्तों का पालन कर रही हैं और किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान सोनम ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। हालांकि जब उनसे मामले के आरोपों, जांच और अदालत में चल रही कार्यवाही को लेकर सवाल पूछे गए तो उन्होंने कोई बात करने से इनकार कर दिया।
मैं जमानत की सभी शर्तों का पालन कर रही हूं
बता दें कि राजा रघुवंशी हत्याकांड देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले में सोनम रघुवंशी मुख्य आरोपी हैं। अप्रैल 2026 में उन्हें शिलॉन्ग की अदालत से सशर्त जमानत मिली थी। इसके बाद राज्य सरकार ने उनकी जमानत को चुनौती भी दी है और मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। फिलहाल सोनम रघुवंशी ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर विस्तार से कुछ भी कहने से इनकार किया है।

