शशांक द्विवेदी, खजुराहो/ रणधीर परमार, छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम पर किसानों पर फायरिंग के गंभीर आरोप लगे हैं। गोली लगने से 2 किसान घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस बीच भाई के इस कांड पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने किनारा कर लिया और हर बात पर शालिग्राम से उन्हें न जोड़ने की अपील की।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भाई पर लगे आरोपों पर कहा, ‘मैंने तीन साल पहले ही शालीग्राम जी के बारे में बात की थी। मेरा उनसे कोई लेना-देना नहीं है; असल में, मेरा अपने परिवार से भी कोई नाता नहीं है। पूरी दुनिया ही मेरा परिवार है; पूरा समाज ही मेरा परिवार है। मैं समाज, देश और सनातन धर्म के लिए जीता हूँ। छतरपुर ज़िला और मेरा परिवार बहुत बड़ा है, इसलिए यहाँ किसी न किसी तरह की घटनाएं होती रहती हैं। कानून को अपना काम करने दें और उचित कानूनी कार्रवाई हो; जो भी ज़िम्मेदार हो, उसे कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए। मेरी विनम्र विनती है कि मुझे हर मामले में न जोड़ा जाए।’
दतिया उपचुनाव के ASP उम्मीदवार दामोदर यादव ने फौरन गिरफ्तारी की मांग की
बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग के गोलीकांड मामले में अब दामोदर यादव की एंट्री हो गई है। दामोदर यादव ने तीखा बयान जारी कर आरोपी शालिग्राम गर्ग को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोतीलाल कुशवाहा की जमीन हथियाने की नीयत से शालिग्राम गर्ग ने गोली चलाई। दामोदर यादव ने चेतावनी देते हुए कहा, “मैं जल्द ही छतरपुर आऊंगा और गरीबों की जमीनों को इनके कब्जे से मुक्त कराऊंगा।” इस बयान के बाद मामले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था शालिग्राम
बता दें कि छतरपुर के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम ने किसान पर गोली चला दी। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग ने उन्हें गोली मारी।
घायल मोतीलाल कुशवाहा के अनुसार, क्षेत्र के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका आरोप है कि जो किसान अपनी जमीन देने से इनकार करते हैं, उनके साथ मारपीट और धमकी दी जाती है। उन्होंने दावा किया कि इसी विवाद के दौरान उन पर गोली चलाई गई, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों पुलिस मदद से घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।फिलहाल घटना के बीडीओ सोशल मीडिया मे भी बायरल हो रहे है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसपी रजत सकलेचा ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल पर जानकारी इकट्ठा कर रही और बीडीओ की भी जांच कर रही है। अभी शालिग्राम सहित चार अन्य आरोपियों के नाम आए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

