IND vs USA T20 World Cup 2026: भारतीय टीम ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के तीसरे मुकाबले में भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) को 29 रन से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में यूएसए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जिसके बाद भारतीय टीम ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रन की पारी की मदद से 20 ओवर में 161 रन बनाए। जवाब में 162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की पूरी टीम 8 विकेट पर 132 रन पर ढेर हो गई और भारत ने यह मुकाबला 29 रन से जीत लिया।

यूएसए के लिए संजय कृष्णमूर्ति ने सबसे ज्यादा 37, मिलिंद कुमार ने 34 और शुभम रंजन ने 27 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका। भारतीय टीम के लिए मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, उनके अलावा अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2, जबकि वरुण चक्रवर्ती को 1 सफलता मिली।

ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी

बता दें कि टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 161 रन बनाए​ थे। ये स्कोर कोई बहुत ज्यादा नहीं था। भारतीय पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए। उन्हें अमेरिकी तेज गेंदबाज अली खान ने पवेलियन भेजा।

इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी संभालने की कोशिश की और दोनों के बीच उपयोगी साझेदारी भी बनी, लेकिन पावरप्ले का आखिरी ओवर भारत के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। ओवर की दूसरी गेंद पर शैडली वान शल्कविक ने ईशान किशन (20 रन) को आउट किया। इसके बाद ओवर की अंतिम दो गेंदों पर शल्कविक ने लगातार तिलक वर्मा (25 रन) और शिवम दुबे (0 रन) को पवेलियन भेजकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। शिवम दुबे के आउट होने के समय भारत का स्कोर 46/4 था।

मध्यक्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया। रिंकू सिंह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 6 रन बनाकर मोहम्मद मोहसिन का शिकार बने। वहीं हार्दिक पंड्या को हरमीत सिंह ने आउट किया। हार्दिक के पवेलियन लौटने के समय भारत का स्कोर 77/6 हो चुका था और टीम भारी दबाव में नजर आ रही थी।

इसके बाद अक्षर पटेल और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच सातवें विकेट के लिए 41 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिससे भारत का स्कोर कुछ हद तक संभला। अक्षर पटेल 14 रन बनाकर हरमीत सिंह की गेंद पर आउट हुए। अक्षर के आउट होने के कुछ ही देर बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपना अर्धशतक पूरा किया।

सूर्यकुमार यादव अंत तक क्रीज पर टिके रहे और उन्होंने 49 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और चार छक्के शामिल रहे। अपनी पारी के दौरान उन्होंने बतौर कप्तान अपना 8वां टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाया और साथ ही टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने का आंकड़ा भी छू लिया। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें खास सहयोग नहीं मिल सका। भारत ने अंतिम ओवरों में अर्शदीप सिंह (4 रन) और वरुण चक्रवर्ती (0 रन) के विकेट भी गंवा दिए।

दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके 6 बल्लेबाज

इस मुकाबले में भारतीय टीम के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, जिससे साफ जाहिर होता है कि टीम की बल्लेबाजी पूरे मैच में दबाव में रही। विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेल रही टीम इंडिया की यह पारी कई सवाल खड़े करती है।

सूर्या बने प्लेयर ऑफ द मैच

सूर्यकुमार यादव के अलावा और कोई बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना सका। सूर्या ने 49 बॉल खेलकर 84 रन बनाने का काम किया, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

भारतीय टीम इस दिन खेलेगी अपना अगला मुकाबला

गौरतलब है कि भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला नामीबिया के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जबकि, यूएसए 10 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी। यह मुकाबला 12 फरवरी को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के सिहानिया स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। दोनों मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H