अनिल मालवीय, इछावर। सीहोर जिले के इछावर के कोनाझीर टोल प्लाजा के समीप रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार सीएनजी (CNG) गैस से भरे ट्रक ने बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अपना संतुलन खो दिया, जिससे ट्रक बीच सड़क पर ही अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें से बड़े पैमाने पर गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ है।
बाइक सवार गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार सीएनजी गैस से भरा यह ट्रक इछावर से खाली होकर लौट रहा था, तभी कोनाझीर के पास अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में ट्रक पलट गया। हालांकि ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायल बाइक सवार को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर सीहोर-इछावर मार्ग बंद, ट्रैफिक डायवर्ट
गैस रिसाव की गंभीरता और किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासनिक अमला और पुलिस बल तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से कड़ा कदम उठाते हुए सीहोर-इछावर मुख्य मार्ग को दोनों ओर से पूरी तरह बंद कर दिया है। आम जनता की सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों के आवागमन को रोककर ट्रैफिक को दूसरे डायवर्टेड रूटों पर भेज दिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।
तकनीकी टीम ने पाया गैस लीकेज पर काबू
घटनास्थल पर गैस कंपनी की तकनीकी टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत बुलाई गईं। फायर फाइटर्स ने सूझबूझ दिखाते हुए हवा में फैल रही गैस के प्रभाव को कम करने के लिए ट्रक पर लगातार पानी की बौछारें कीं। तकनीकी टीम और रेस्क्यू दल की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार गैस लीकेज पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है।

