अंबाला के तेपला स्थित ICICI बैंक में एक ग्राहक ने बैंक मैनेजर और गोल्ड लोन अधिकारी को चकमा देकर लाखों की ठगी की। आरोपी नकदी और सोना लेकर मौके से फरार है।

अनिल शर्मा, अंबाला। तेपला स्थित ICICI बैंक में एक बेहद चौंकाने वाला धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां एक शातिर युवक कनिष्क सिंह चौहान ने बैंक मैनेजर गुलशन कुमार और गोल्ड लोन अधिकारी अनिल कुमार का विश्वास जीतकर करीब 43 लाख रुपये नकद और 144.8 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया। आरोपी अगस्त 2025 से बैंक का ग्राहक था और उसने गोल्ड लोन ट्रांसफर के नाम पर अधिकारियों का भरोसा हासिल किया था। 6 जून को जब वह अधिकारियों को अपनी कार में बिठाकर जगाधरी ले गया, तो रास्ते में एक ढाबे पर रुकने के दौरान उसने मौका पाकर उन्हें चकमा दिया। बैंक के अधिकारियों के साथ हुई इस बड़ी ठगी ने बैंकिंग सुरक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

भरोसे का जाल बुनकर की ठगी

आरोपी कनिष्क की योजना काफी सोची-समझी थी। शुरुआत में उसने 14 लाख रुपये का गोल्ड लोन लेकर अधिकारियों का विश्वास पक्का किया था। इसके बाद उसने शेष सोना छुड़ाने के नाम पर 29 लाख रुपये बैंक से जारी करवाए और अतिरिक्त 15 लाख रुपये की मांग भी कर दी। हैरानी की बात यह है कि बैंक अधिकारियों ने व्यक्तिगत स्तर पर पैसों का इंतजाम करके उसे सौंप दिए। जगाधरी पहुंचने पर उसने ज्वेलर की दुकान बंद होने का बहाना बनाया और ढाबे पर खाना खाने के दौरान सिगरेट पीने के बहाने बाहर निकल गया। वहां से वह अधिकारियों का फोन, पर्स और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गया। बैंक प्रबंधन को ठगी का एहसास तब हुआ जब आरोपी काफी देर तक वापस नहीं लौटा।

पुलिस ने दर्ज की धोखाधड़ी की FIR

इस घटना के बाद बैंक अधिकारी करीब तीन दिन तक बदनामी के डर से खुद आरोपी की तलाश करते रहे, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। साहा थाना पुलिस ने बैंक अधिकारियों की शिकायत पर आरोपी कनिष्क सिंह चौहान के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात और धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। यह मामला न केवल एक बड़ी वित्तीय चोरी का है, बल्कि बैंक की सतर्कता और प्रोटोकॉल के उल्लंघन का भी उदाहरण है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।