Business Desk – IDFC First Bank Share Price : IDFC First Bank के शानदार जून तिमाही (Q1 FY27) नतीजों के बाद सोमवार को बैंक के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। कारोबार के दौरान शेयर 9 फीसदी से ज्यादा उछल गया। बैंक ने पहली बार एक तिमाही में 1000 करोड़ रुपए से अधिक का मुनाफा दर्ज किया है।

इसके साथ ही एसेट क्वालिटी में भी बड़ा सुधार देखने को मिला और बैंक का NPA रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। मजबूत नतीजों के बाद बैंक के मैनेजमेंट ने आने वाले वित्त वर्ष के लिए ग्रोथ आउटलुक भी साझा किया है, जबकि कई ब्रोकरेज हाउस ने भी शेयर पर अपने टारगेट बढ़ा दिए हैं।

पहली बार 1000 करोड़ रुपए के पार पहुंचा तिमाही मुनाफा

IDFC First Bank के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) सुधांशु जैन ने कहा कि जून तिमाही बैंक के लिए बेहद शानदार रही। पहली बार बैंक का तिमाही शुद्ध मुनाफा 1000 करोड़ रुपए के पार पहुंचा है। बैंक का रिटर्न ऑन एसेट (RoA) बढ़कर 1.06 फीसदी हो गया है और वित्त वर्ष 2027 में इसके करीब 1 फीसदी रहने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि बैंक की प्री-प्रोविजन ऑपरेटिंग प्रॉफिट (PPOP) ग्रोथ लगातार 30 फीसदी से ऊपर बनी हुई है। साथ ही प्रोविजन में भी लगातार कमी आ रही है, जिससे मुनाफे को मजबूती मिली है।

NIM और एसेट क्वालिटी में भी बड़ा सुधार

सुधांशु जैन के मुताबिक, जून तिमाही में बैंक का कोर नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 20 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 5.9 फीसदी हो गया। तिमाही आधार पर भी इसमें 5 बेसिस प्वाइंट का सुधार दर्ज किया गया। बैंक को पूरे वित्त वर्ष 2027 में NIM करीब 5.8 फीसदी रहने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि बैंक की क्रेडिट कॉस्ट लगातार कम हो रही है और पूरे साल यह 1.5 से 1.6 फीसदी के बीच रहने का अनुमान है।

डिपॉजिट और लोन ग्रोथ 20 फीसदी से ज्यादा रहने की उम्मीद

बैंक मैनेजमेंट का कहना है कि बिजनेस मोमेंटम मजबूत बना हुआ है और वित्त वर्ष 2027 में डिपॉजिट और लोन ग्रोथ 20 फीसदी से अधिक रहने की संभावना है।

सुधांशु जैन ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव का बैंक के कारोबार पर ज्यादा असर नहीं दिख रहा है। हालांकि कमजोर मानसून को देखते हुए कुछ सेगमेंट में सतर्कता बरती जा रही है।

उन्होंने बताया कि तिमाही आधार पर बैंक के डिपॉजिट में 6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। होलसेल बैंकिंग सेगमेंट में सालाना आधार पर मजबूत ग्रोथ देखने को मिल रही है। बैंक का मानना है कि इस सेगमेंट में अभी विस्तार की काफी गुंजाइश है।

MFI कारोबार फिर पटरी पर लौटा

मैनेजमेंट के मुताबिक, माइक्रो फाइनेंस (MFI) सेगमेंट अब काफी स्थिर हो चुका है। पिछले साल इस कारोबार में चुनौतियां थीं, लेकिन अब स्थिति बेहतर है। बैंक को उम्मीद है कि पूरे वित्त वर्ष 2027 में MFI पोर्टफोलियो 15 से 20 फीसदी की दर से बढ़ेगा।

इसके अलावा बैंक आने वाले समय में सिक्योर्ड लोन, बिजनेस बैंकिंग और मॉर्गेज बिजनेस पर अधिक फोकस करेगा। ऑपरेटिंग लीवरेज में भी लगातार सुधार और क्रेडिट कॉस्ट में कमी आने की उम्मीद जताई गई है।

एक्सपर्ट बोले- आज का हीरो बन सकता है शेयर

सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल ने कहा कि बैंक के तिमाही नतीजे और मैनेजमेंट की गाइडेंस दोनों बेहद मजबूत हैं। उनका मानना है कि यदि बाजार का माहौल अनुकूल रहा तो यह शेयर दिन का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला स्टॉक बन सकता है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ मामले के बाद शेयर में काफी गिरावट आई थी, जिससे इसका वैल्यूएशन आकर्षक हो गया है।

Q1 में बैंक का PAT 132 फीसदी, नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 21 फीसदी बढ़ी है। वहीं NIM 25 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 5.96 फीसदी पर पहुंच गया। बैंक की लोन ग्रोथ 20 फीसदी, डिपॉजिट ग्रोथ 18 फीसदी और CASA में 25 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साथ ही NPA रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है।

CLSA ने बढ़ाया टारगेट, दी ‘Outperform’ रेटिंग

ब्रोकरेज फर्म CLSA ने IDFC First Bank की रेटिंग ‘होल्ड’ से बढ़ाकर ‘आउटपरफॉर्म’ कर दी है। साथ ही शेयर का लक्ष्य 73 रुपए से बढ़ाकर 95 रुपए कर दिया है। मौजूदा स्तर से इसमें करीब 19 फीसदी की संभावित बढ़त बताई गई है।

CLSA का कहना है कि हरियाणा की घटना के बाद बैंक ने शानदार वापसी की है। पिछले साल की तुलना में डिपॉजिट 18 फीसदी बढ़े हैं, जबकि CASA रेश्यो करीब 300 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 51 फीसदी हो गया है, जो इंडस्ट्री में सबसे ऊंचे स्तरों में शामिल है। ब्रोकरेज ने एसेट क्वालिटी में सुधार और स्लिपेज में कमी को भी बड़ा सकारात्मक संकेत बताया।

Nomura ने भी बढ़ाया प्राइस टारगेट

वैश्विक ब्रोकरेज Nomura ने जून तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद IDFC First Bank का प्राइस टारगेट 85 रुपए से बढ़ाकर 95 रुपए कर दिया है। साथ ही वित्त वर्ष 2027 और 2028 के लिए EPS अनुमान क्रमशः 9 फीसदी और 17 फीसदी तक बढ़ा दिए हैं।

Investec ने दिया सबसे ऊंचा टारगेट

ब्रोकरेज फर्म Investec IDFC First Bank को लेकर सबसे ज्यादा बुलिश नजर आई। कंपनी ने शेयर का लक्ष्य 96 रुपए से बढ़ाकर 115 रुपए कर दिया है। Investec उन चुनिंदा ब्रोकरेज में शामिल है जिन्होंने इस शेयर के लिए 100 रुपए से अधिक का टारगेट दिया है।

ब्रोकरेज का मानना है कि बैंक की बेहतर होती एसेट क्वालिटी, कम होती क्रेडिट कॉस्ट और मजबूत ग्रोथ आने वाले समय में शेयर की कीमत को और ऊपर ले जा सकती है।