सुशील सलाम, कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में राशन कार्ड धारकों के लिए जरूरी और चिंताजनक खबर है. जिले के लगभग 63 हजार लोगों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला राशन पिछले 9 महीनों से बंद पड़ा है. खाद्य विभाग द्वारा बार-बार दी गई चेतावनी और जागरूकता अभियानों के बावजूद इन हितग्राहियों ने अब तक अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं कराई है. खाद्य विभाग ने अब इसे आखिरी मौका बताते हुए सख्त रुख अपनाया है और स्पष्ट कर दिया है कि कल यानी 15 जुलाई 2026 के बाद ई-केवाईसी की समय सीमा और आगे नहीं बढ़ाई जाएगी.


खाद्य विभाग के अनुसार, यदि तय समय सीमा 15 जुलाई के भीतर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो संबंधित सदस्यों के नाम राशन कार्ड से कट सकते हैं. विभाग का मुख्य उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाना, रिकॉर्ड अपडेट करना और सूची से मृत, अपात्र व डुप्लीकेट नामों को हटाना है, ताकि वास्तविक पात्र हितग्राहियों को पूरा लाभ मिल सके. अब बड़ा सवाल है कि महज एक दिन का समय बचा है और 63 हजार लोगों को ई-केवाईसी कराना है. ऐसे में इन हितग्राहियों को सरकार से मिलने वाली खाद्यान सामग्रियों से वंचित होना पड़ सकता है.
गड़बड़ियों को रोकने सरकार ने शुरू की है e-KYC प्रोसेस
बता दें कि सरकार का मकसद राशन डिस्ट्रीब्यूशन प्रोसेस को ट्रांसपेरेंट और भ्रष्टाचार फ्री बनाना है. कई बार देखा गया है कि कुछ लोग फर्जी राशन कार्ड से या एलिजिबल ना होने के बावजूद फ्री राशन का लाभ लेते हैं. कुछ मामलों में यह भी देखा गया है कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद भी उसके नाम पर राशन लिया जाता है. इसी तरह की गड़बड़ियों को रोकने के लिए सरकार ने e-KYC प्रोसेस शुरू की है. इस प्रोसेस के तहत राशन कार्ड धारक और उनके परिवार के सदस्यों की पहचान आधार कार्ड से लिंक की जाती है, जिससे यह तय किया जा सके कि सिर्फ वास्तविक और जरूरतमंद लोगों को ही फ्री राशन का लाभ मिले.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

