Lifestyle Desk – गर्मी के मौसम में ठंडी ठंडी स्वादिष्ट चीज़ें खाने में बहुत मजा आता है और इस मौसम में यदि आम से बनी चीज़ें मिल जाये तो क्या कहने. अब तक हमने आम की लस्सी, मैंगो सैंडविच, श्रीखंड, मैंगो मस्तानी जैसी डिश देखी है और आज हम आपको बताने वाले हैं मैंगो रसमलाई की रेसिपी. मैंगो रसमलाई एक ऐसा फ्यूजन डेजर्ट है जो पारंपरिक रसमलाई और ताजे आम के स्वाद को एक साथ पेश करता है. यदि आपके घर में आम पसंद किए जाते हैं, तो इस सीजन में इसे जरूर ट्राई किया जा सकता है.

सामग्री

रसमलाई (छेना) के लिए
फुल क्रीम दूध-1 लीटर
चम्मच नींबू का रस या सिरका-2–3 बड़े
पानी-4 कप
चीनी-1 कप

मैंगो रबड़ी के लिए

फुल क्रीम दूध-1 लीटर
चीनी -½ कप
पके आम की प्यूरी-1 कप
इलायची पाउडर-¼ छोटा चम्मच
बादाम (कटे हुए)-8–10
पिस्ता (कटे हुए)-8–10
कुछ केसर के धागे

विधि

  1. सबसे पहले एक लीटर दूध उबाल लें. गैस बंद करके धीरे-धीरे नींबू का रस डालें. दूध फट जाए तो मलमल के कपड़े में छान लें. ठंडे पानी से धोकर अतिरिक्त खट्टापन निकाल दें. 30 मिनट लटका कर अतिरिक्त पानी निकाल दें.
  2. छेना को 8–10 मिनट तक अच्छी तरह मसलें. चिकना होने पर छोटे-छोटे चपटे गोले बना लें.
  3. एक बर्तन में पानी और चीनी उबालें. उबलती चाशनी में गोले डालें. ढककर 12–15 मिनट मध्यम आंच पर पकाएं. गोले फूल जाएं तो गैस बंद कर दें और ठंडा होने दें.
  4. दूसरे बर्तन में 1 लीटर दूध को उबालें. धीमी आंच पर लगभग आधा होने तक पकाएं. चीनी, इलायची और केसर डालें. दूध ठंडा होने दें. पूरी तरह ठंडा होने पर आम की प्यूरी मिलाएं. (गरम दूध में आम की प्यूरी न डालें, वरना दूध फट सकता है.)
  5. चाशनी से गोले निकालकर हल्के हाथ से दबाएं. उन्हें मैंगो रबड़ी में डाल दें. 3–4 घंटे फ्रिज में ठंडा होने दें. ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता और आम के छोटे टुकड़े डालें. अच्छी तरह ठंडी मैंगो रसमलाई परोसें.

टिप्स

  1. मीठे और रेशारहित आम जैसे Alphonso Mango या Kesar Mango का उपयोग करें.
  2. आम की प्यूरी हमेशा ठंडी रबड़ी में मिलाएं.
  3. अधिक गाढ़ी रबड़ी के लिए दूध को थोड़ा और पकाएं.