सतीश सिंह, अयोध्या. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या में 432 करोड़ से अधिक की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी में नमाज़ पढ़े जाने के कथित मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जो लोग आज आस्था और धर्म की बात करते हैं, उन्हीं के शासनकाल में अयोध्या की पवित्र हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाई गई थी.
मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सोचिए, क्या किसी जामा मस्जिद में कभी हनुमान चालीसा का पाठ कराया जा सकता है? क्या कोई सरकार ऐसा करा पाएगी? क्या कांग्रेस या समाजवादी पार्टी ऐसा करवा पाएगी? यदि नहीं, तो फिर अयोध्या की हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर ऐसा क्यों कराया गया? यह पाप क्यों कराया गया?” योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है और हनुमानगढ़ी उसकी प्रमुख धार्मिक पहचान है. ऐसे पवित्र स्थल पर इस प्रकार की घटना को उन्होंने आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए विपक्ष पर धार्मिक भावनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया.
इसे भी पढ़ें : ‘गेट पर रेट’ बंद कराइए अखिलेश जी, नहीं तो नेता प्रतिपक्ष बनने लायक सीटें भी नहीं मिलेंगी- राजभर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को पुनर्स्थापित करने का कार्य किया है. उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है, लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और पूरी नगरी का स्वरूप बदल रहा है. उनके अनुसार यह सब स्पष्ट नीति, दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रभु श्रीराम की कृपा से संभव हुआ है. योगी ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और अयोध्या की पहचान को संकट में डालने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद अयोध्या में विकास और धार्मिक विरासत के संरक्षण का नया दौर शुरू हुआ है.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज अयोध्या का विरोध करने वाले दल इसलिए असहज हैं क्योंकि जिन कार्यों को वे वर्षों तक नहीं कर सके, वे अब तेजी से पूरे हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, आधुनिक बुनियादी ढांचा, धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे कार्य प्रदेश के विकास की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं.

