अनुराग शर्मा, सीहोर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंजीकरण और उनकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सीहोर पहुंचे दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान RSS और राम मंदिर ट्रस्ट के चंपत राय पर जमकर निशाना साधा।

RSS के रजिस्ट्रेशन और पैसों पर उठाए सवाल

​पूर्व मुख्यमंत्री ने देश के स्थापित नियमों का हवाला देते हुए कहा कि देश में किसी भी समिति या आयोजन के लिए पंजीयन (रजिस्ट्रेशन), सदस्यता और बैंक खाते का होना अनिवार्य है। लेकिन RSS एक ऐसी संस्था है जिसका कोई आधिकारिक पंजीयन नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संस्था का रजिस्ट्रेशन ही नहीं है, तो वहां जो पैसा इकट्ठा होता है, वह आखिर जाता कहां है? इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।

​मोहन भागवत के तर्क पर किया कटाक्ष

RSS प्रमुख मोहन भागवत के बयानों पर तंज कसते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भागवत जी कहते हैं कि हम रजिस्ट्रेशन इसलिए नहीं कराते क्योंकि हिंदू धर्म का कोई पंजीयन नहीं होता। अब आप ही बताइए, हिंदू धर्म हमारा हजारों साल पुराना है, तब रजिस्ट्रेशन कहां होता था? आज ये लोग इस तरह के तर्क देकर बच रहे हैं।

चंपत राय को बताया सबसे भ्रष्ट

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर तीखा हमला बोलते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि वहां अयोध्या में भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चंपत राय वहां के सबसे भ्रष्ट व्यक्ति हैं जो पूरे कार्य के प्रभारी बने हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश और प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक व प्रशासनिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में आज जैसी बदतर हालत पहले कभी नहीं देखी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m