Lifestyle Desk – गर्मियों में आम और दही का स्वाद एक साथ मिल जाए तो डेजर्ट और भी खास बन जाता है. बंगाल की फ़ेमस मिष्ठी दोई तो बहुत से लोगों से खाई है पर क्या आपने कभी घर पर ‘आम दोई’ ट्राई की है. वैसे तो मिष्ठी दोई में ढेर सारी चीनी डलती है, लेकिन यह आम दोई बिना रिफाइंड चीनी के बनती है, जिसमें प्राकृतिक मिठास के लिए खजूर और पके आम का इस्तेमाल किया जाता है. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने की आसान सी रेसिपी.

सामग्री
गाढ़ा दही -2 कप (हंग कर्ड या ग्रीक योगर्ट)
आम-1 बड़ा पका हुआ मीठा
खजूर-6–8 बीजरहित
गर्म दूध-2–3 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर -¼ छोटी चम्मच
कटे हुए पिस्ता या बादाम सजाने के लिए
विधि
- सबसे पहले खजूरों को 10–15 मिनट के लिए गर्म दूध में भिगो दें. नरम होने पर उन्हें दूध के साथ पीसकर स्मूद पेस्ट बना लें.
- अब आम को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. मिक्सर में पीसकर मुलायम प्यूरी तैयार करें.
- एक बड़े बाउल में गाढ़ा दही लें. इसमें आम की प्यूरी और खजूर का पेस्ट डालें. चाहें तो इलायची पाउडर भी मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह फेंटकर एकसार कर लें.
- मिश्रण को छोटे मिट्टी के कुल्हड़ों या सर्विंग बाउल्स में भरें. 3–4 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए. ऊपर से कटे हुए पिस्ता, बादाम या आम के छोटे टुकड़े डालें. ठंडा-ठंडा सर्व करें.
हेल्दी टिप्स
- ज्यादा मिठास चाहिए तो खजूर की मात्रा बढ़ा सकते हैं.
- अल्फांसो, केसर या दशहरी जैसे मीठे आम इस्तेमाल करने से स्वाद बेहतर आता है.
- प्रोटीन बढ़ाने के लिए ग्रीक योगर्ट का उपयोग करें.
- मिट्टी के कुल्हड़ में सेट करने से पारंपरिक मिश्टी दोई जैसा स्वाद और खुशबू मिलती है.

