Lifestyle Desk – भारतीय रसोई में घी का महत्व सदियों से बना हुआ है. चाहे रोटी-पराठों पर लगाया जाए या फिर सब्जियों और दाल में तड़का देने के लिए इस्तेमाल किया जाए, घी हर व्यंजन का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. पारंपरिक तरीके से घी बनाने की प्रक्रिया में दूध से दही, दही से मक्खन और फिर मक्खन से घी तैयार किया जाता है. हालांकि, आजकल कई घरों में समय की बचत के लिए दूध की मलाई से सीधे घी बना लिया जाता है.

मलाई से बना घी स्वादिष्ट तो होता है, लेकिन इसकी एक आम समस्या है—तेज गंध. यह गंध कई लोगों को पसंद नहीं आती और खाने का अनुभव प्रभावित कर सकती है. अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर इस गंध को कम किया जा सकता है.

मलाई को सही तरह से करें स्टोर

सबसे पहले, मलाई को सही तरीके से स्टोर करना बेहद जरूरी है. जब भी आप दूध से मलाई निकालें, उसे साफ और एयरटाइट कंटेनर में फ्रिज में रखें. साथ ही ध्यान रखें कि मलाई ज्यादा दिनों तक जमा न करें, क्योंकि पुरानी मलाई से बनी घी में गंध अधिक तेज होती है. कोशिश करें कि 7–10 दिनों के भीतर ही जमा मलाई का उपयोग कर लें.

सही तरह से मलाई को मथे

दूसरी जरूरी बात जो ध्यान देने वाली है मलाई को मथने से पहले उसे थोड़ा खट्टा होने देना. हल्की खटास से घी का स्वाद बेहतर होता है और उसकी गंध भी संतुलित रहती है. हालांकि, ध्यान रखें कि यह खटास बहुत ज्यादा न हो, वरना स्वाद बिगड़ सकता है.

मेथी दाना डालें

जब आप मक्खन को गर्म करके घी बना रहे हों, तो इसमें एक-दो इलायची या थोड़ी सी मेथी दाना डाल सकते हैं. इलायची की खुशबू घी की तेज गंध को संतुलित कर देती है, वहीं मेथी दाना घी को हल्की सुगंध और बेहतर टेक्सचर देता है. घी बन जाने के बाद इन चीजों को छानकर अलग कर लें.

माध्यम आँच के पकायें

एक और असरदार उपाय है घी को धीमी आंच पर पकाना. तेज आंच पर घी बनाने से उसमें जली हुई सी गंध आ सकती है, जो और भी तेज लगती है. इसलिए हमेशा मध्यम या धीमी आंच पर ही घी तैयार करें और उसे धीरे-धीरे पकने दें.

तेजपत्ता डालें

इसके अलावा, घी को स्टोर करते समय उसमें एक तेजपत्ता डालना भी फायदेमंद हो सकता है. इससे घी में हल्की खुशबू बनी रहती है और अप्रिय गंध कम हो जाती है. इन आसान उपायों को अपनाकर आप घर में बने घी की गुणवत्ता और खुशबू दोनों को बेहतर बना सकते हैं. इससे न सिर्फ आपके खाने का स्वाद बढ़ेगा, बल्कि परिवार के लोग भी बिना किसी परेशानी के इसका आनंद ले सकेंगे.