Lifestyle Desk – गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में रसीले आमों की बहार आ जाती है. “फलों का राजा” कहे जाने वाले आम का स्वाद, खुशबू और विविधता लोगों को खूब आकर्षित करती है. आम से बने शेक, आइसक्रीम, आमरस और कई तरह की डिशेज इस मौसम को खास बना देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर किसी के लिए आम खाना फायदेमंद नहीं होता? कुछ स्वास्थ्य स्थितियों में आम का अधिक सेवन नुकसानदायक साबित हो सकता है. आइए जानते हैं किन लोगों को आम के सेवन से परहेज करना चाहिए.

डायबिटीज पेशेंट ना खाएं

सबसे पहले बात करते हैं डायबिटीज यानी मधुमेह के मरीजों की. आम में प्राकृतिक शुगर की मात्रा काफी अधिक होती है, जिससे ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है. ऐसे में डायबिटीज के मरीज अगर आम खाते भी हैं तो सीमित मात्रा में और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही सेवन करें. बिना नियंत्रण के आम खाना उनके लिए जोखिम भरा हो सकता है.

मोटापे की समस्या

दूसरी समस्या है मोटापा. आम कैलोरी से भरपूर होता है, खासकर अगर इसे शेक या मीठे रूप में लिया जाए. जो लोग वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए आम का अधिक सेवन वजन बढ़ाने का कारण बन सकता है. इसलिए फिटनेस को ध्यान में रखते हुए आम को सीमित मात्रा में ही डाइट में शामिल करना बेहतर है.

स्किन प्रॉबलम होने से

स्किन प्रॉब्लम्स से जूझ रहे लोगों को भी आम खाने में सावधानी बरतनी चाहिए. कुछ लोगों को आम खाने से पिंपल्स या एलर्जी की समस्या हो सकती है. आम की तासीर गर्म होती है, जो शरीर में गर्मी बढ़ा सकती है और इससे त्वचा संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं. ऐसे में यदि आम खाने के बाद स्किन पर रिएक्शन दिखे, तो तुरंत सेवन कम कर देना चाहिए.

पाचन संबंधी समस्याएं

इसके अलावा, पाचन से जुड़ी समस्याओं वाले लोगों को भी सावधान रहना चाहिए. ज्यादा मात्रा में आम खाने से गैस, एसिडिटी या पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं. खासकर रात के समय आम का सेवन करने से पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है.

सही तरीके से आम खाना है जरूरी

एक और महत्वपूर्ण बात है—आम को सही तरीके से खाना. अक्सर लोग बिना भिगोए आम खा लेते हैं, जबकि विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि आम को खाने से पहले कुछ देर पानी में भिगोकर रखना चाहिए. इससे उसमें मौजूद अतिरिक्त गर्मी और केमिकल्स कम हो जाते हैं.

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आम पूरी तरह से नुकसानदायक है. सही मात्रा और सही समय पर खाया गया आम शरीर को विटामिन A, C और फाइबर जैसे कई पोषक तत्व प्रदान करता है. यह इम्यूनिटी बढ़ाने और ऊर्जा देने में भी मदद करता है.