सूर्यदेव को समर्पित रविवार पर खान-पान की छोटी सी गलती भी आपकी ऊर्जा, आत्मविश्वास और स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है, ऐसे में बाहर खाना गलत नहीं, लेकिन क्या खाना है और क्या नहीं, यह जानना बेहद जरूरी हो जाता है।

Lalluram Desk. रविवार की छुट्टी… परिवार के साथ बाहर जाने का प्लान…और फिर होटल या लॉरी में स्वादिष्ट खाने यह आजकल हर किसी की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। लेकिन क्या आप जानते है कि जिस दिन आप सबसे ज्यादा बाहर खाना पसंद करते हैं, वही दिन ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार सबसे ज्यादा सावधानी मांगता है?

ज्योतिष के अनुसार, रविवार को तामसिक और अत्यधिक खट्टा भोजन सूर्य की अग्नि शक्ति को कमजोर करता है। बाहर के खाने में अक्सर मसाले, नमक और खट्टापन अधिक होता है, जिससे शरीर में आलस्य, चिड़चिड़ापन और थकान बढ़ सकती है । यही कारण है कि इस दिन संयमित और सात्विक भोजन को प्राथमिकता देने की सलाह दी जाती है।

रविवार का संबंध सूर्य देव से है

हिंदू धर्म में सप्ताह का प्रत्येक दिन किसी न किसी ग्रह देवता को समर्पित है। रविवार का दिन भगवान सूर्यदेव को समर्पित है, जो जीवन में प्रकाश, ऊर्जा और आत्मविश्वास के प्रतीक है । सूर्य को नवग्रहों का राजा कहा गया है। वह व्यक्ति के आत्मबल, स्वास्थ्य, प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता के स्वामी हैं। जब कुंडली में सूर्य कमजोर होता है, तो व्यक्ति को सम्मान की हानि, आत्मविश्वास की कमी और निर्णय लेने में कठिनाई जैसी दिक्कतें आने लगती हैं। इसलिए रविवार के दिन सूर्यदेव की विशेष पूजा करने, उपवास रखने और कुछ चीजों से परहेज आदिकाल से चला आ रहा है।

वस्तु और ज्योतिष शास्त्र दोनों में वर्जित भोजन के विषय में

वास्तु और ज्योतिष शास्त्र, दोनों में कहा गया है कि रविवार के दिन कुछ विशेष चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि वे सूर्य की ऊर्जा को प्रभावित करती हैं। इस दिन काली उड़द की दाल, लाल साग, मसूर की दाल और अत्यधिक नमक वाला भोजन वर्जित माना है। इन खाद्य पदार्थों से शरीर में तामसिक ऊर्जा बढ़ती है।

सूर्य की सकारात्मक शक्ति कमजोर पड़ती है

इसी के साथ रविवार के दिन तामसिक भोजन, जैसे मांसाहार या शराब जैसी चीजों से भी बचना चाहिए। ऐसा करने से सूर्य की सकारात्मक शक्ति कमजोर पड़ती है, और जीवन में नकारात्मकता बढ़ने लगती है। रविवार के दिन किसी भी तरह के खट्टे पदार्थों जैसे खट्टी दही, नींबू, इमली या खट्टे फलों का सेवन करना भी शुभ नहीं कहलाता है। इनका सेवन सूर्य की अग्नि शक्ति को कमजोर करता है।

इन चीजों का दान करें

रविवार के दिन कुछ वस्तुओं का दान करने से सूर्यदेव प्रसन्न होते हैं और जीवन में सफलता का मार्ग खुलता है। इस दिन लाल वस्त्र, गुड़, गेहूं, लाल चंदन और लाल रंग के फल (जैसे अनार या सेब) का दान शुभ है । यह दान न केवल सूर्य की स्थिति को मजबूत करता है बल्कि व्यक्ति के आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान को भी बढ़ाता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H