IIT Bombay के छात्र साहिल रविंद्र वाकोडे की मौत के मामले में उनके माता-पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता रविंद्र वाकोडे ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला और संस्थान के डायरेक्टर शिरीष केदारे पर बेटे को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए दोनों की गिरफ्तारी की मांग की है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है।
पिता का आरोप- ‘मेरे बेटे को प्रताड़ित किया गया’
रविंद्र वाकोडे का दावा है कि साहिल ने उन्हें अपने साथ हो रहे कथित जातिगत भेदभाव और मानसिक उत्पीड़न के बारे में बताया था। उन्होंने कहा कि FIR में मामले से जुड़े आरोप दर्ज हैं और वह चाहते हैं कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो। परिवार का कहना है कि यह केवल परीक्षा से जुड़ी घटना का मामला नहीं था, बल्कि साहिल पहले से दबाव और कथित जातिगत टिप्पणियों का सामना कर रहा था।
मां बोलीं- ‘हमने उसे एडजस्ट करने को कहा था’
साहिल की मां सोनाली वाकोडे ने कहा कि बेटे ने जब परेशान किए जाने की बात बताई तो परिवार ने उसे समझाया कि IIT जैसी संस्था में पढ़ना उसके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है और कुछ समय के लिए परिस्थितियों को सहन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि स्थिति इतनी गंभीर हो जाएगी। परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परीक्षा के बाद हुई थी साहिल की मौत
साहिल IIT Bombay के Energy Science and Engineering विभाग के दूसरे वर्ष के BTech छात्र थे। 18 सितंबर को मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल किए जाने को लेकर उन्हें रोका गया था। IIT Bombay ने शुरुआती बयान में दावा किया था कि उन्होंने प्रश्न-पत्र को ChatGPT पर अपलोड कर जवाब हासिल करने की कोशिश की थी। संस्थान के अनुसार, उनके खिलाफ तत्काल कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। कुछ घंटे बाद साहिल हॉस्टल के कमरे में मृत पाए गए।
क्राइम ब्रांच खंगाल रही CCTV फुटेज
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच अब परीक्षा हॉल, कैंपस और हॉस्टल की CCTV फुटेज की जांच कर रही है। जांच का मुख्य फोकस परीक्षा खत्म होने के बाद साहिल की गतिविधियों और हॉस्टल पहुंचने तक की घटनाओं की कड़ी जोड़ना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि CCTV फुटेज फिलहाल जांच टीम के पास है और इसे सार्वजनिक नहीं किया गया है।
मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े प्रावधानों के साथ SC/ST Act की धाराएं भी लगाई हैं। हालांकि, IIT Bombay ने जातिगत भेदभाव के आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि साहिल की ओर से संस्थान के SC/ST सेल या प्रशासन के समक्ष ऐसी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



