भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली में शनिवार को एक छात्र की कथित आत्महत्या से हड़कंप मच गया। 31 वर्षीय छात्र ऋषिकेश कुमार ने कथित तौर पर आईआईटी दिल्ली के लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
IIT दिल्ली में MSc Physics का छात्र था ऋषिकेश
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान बिहार निवासी ऋषिकेश कुमार (31) के रूप में हुई है। वह IIT दिल्ली में MSc Physics के द्वितीय वर्ष में पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह पहले शिवालिक हॉस्टल में रहता था, लेकिन फिलहाल अपनी मां के साथ कैंपस के बाहर रह रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ऋषिकेश का इलाज पहले विमहंस अस्पताल में हुआ था। हालांकि, उसकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
सुबह कैंपस में दाखिल हुआ था छात्र
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:33 बजे किशनगढ़ पुलिस स्टेशन को PCR के जरिए IIT दिल्ली कैंपस में एक छात्र के इमारत से गिरने की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और छात्र को कैंपस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, ऋषिकेश सुबह करीब 8 बजे IIT दिल्ली के मुख्य गेट से कैंपस में दाखिल हुआ। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स पहुंचा और लिफ्ट से छठी मंजिल पर गया। कुछ देर बाद उसने इमारत के सामने की ओर से छलांग लगा दी।
मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
घटना के बाद क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस को शव पर गिरने से लगी चोटों के अलावा किसी अन्य संदिग्ध चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ। पुलिस को छात्र की जेब से मोबाइल फोन मिला है। अब फोन में मौजूद मैसेज और अन्य डिजिटल जानकारी की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र ने यह कदम क्यों उठाया।
काउंसलिंग रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने IIT दिल्ली प्रशासन से छात्र से संबंधित काउंसलिंग रिकॉर्ड और अन्य जरूरी जानकारी भी मांगी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। छात्र की मौत के पीछे की वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

