भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली का 57वां दीक्षांत समारोह इस बार कई मायनों में खास होने जा रहा है। समारोह केवल डिग्री वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संस्थान के सोनीपत परिसर में स्थापित AI आधारित हाई-परफॉर्मेंस सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ का ऑनलाइन उद्घाटन भी करेंगे। यह अत्याधुनिक सुविधा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), मशीन लर्निंग और उन्नत वैज्ञानिक शोध को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।
8 अगस्त को मुख्य अतिथि होंगे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अगस्त को मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे। इस दौरान 3,036 छात्रों को विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें स्नातक, परास्नातक और पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं।
इन छात्रों को मिलेंगे प्रतिष्ठित गोल्ड मेडल
IIT दिल्ली के निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी के अनुसार, समारोह में संस्थान के प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इनमें प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल, डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल, शंकर दयाल शर्मा गोल्ड मेडल और परफेक्ट 10 गोल्ड मेडल शामिल हैं।
इस वर्ष कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के बीटेक छात्र अक्षत सिंघल और आदित्य प्रकाश को प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल, जबकि गणित एवं कंप्यूटिंग के बीटेक छात्र अनिकेत आनंद को डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
587 पीएचडी शोधार्थियों समेत हजारों विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री
दीक्षांत समारोह में 587 पीएचडी शोधार्थियों के अलावा 1,049 बीटेक, 567 एमटेक, 248 एमबीए और 243 एमएस विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त एमएस (रिसर्च), मास्टर ऑफ पब्लिक पॉलिसी, मास्टर ऑफ डिजाइन, एमए इन कल्चर, सोसायटी एंड थॉट सहित अन्य कार्यक्रमों के छात्र भी सम्मानित होंगे।
शोध, पेटेंट और स्टार्टअप में IIT दिल्ली की बड़ी उपलब्धि
IIT दिल्ली ने पिछले वित्त वर्ष में करीब 600 करोड़ रुपये के प्रायोजित शोध एवं कंसल्टेंसी प्रोजेक्ट पूरे किए। संस्थान के पास वर्तमान में 1,871 बौद्धिक संपदा परिसंपत्तियां, जिनमें 1,756 पेटेंट शामिल हैं। बीते एक वर्ष में 196 नए पेटेंट दाखिल, 26 लाइसेंसिंग समझौते और 26 नए स्टार्टअप इनक्यूबेट किए गए।
18 NIT के साथ बढ़ेगा शोध सहयोग
संस्थान ने देश के 18 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (NITs) के साथ शैक्षणिक एवं शोध सहयोग के लिए समझौते किए हैं। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को संयुक्त शोध, अकादमिक आदान-प्रदान और अत्याधुनिक शोध सुविधाओं का साझा उपयोग करने का अवसर मिलेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


